दस अक्तूबर से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्र के लिए बाजार भी तैयार हो गया है। हालांकि, इस बार महंगाई की मार व्रतियों पर भी पड़ेगी। फलाहार से जुड़ी सामग्रियों के दाम एकाएक बढ़ गए हैं। सप्ताह भर के भीतर ही मूंगफली, साबूदाना, सिंघाड़ा एवं मेवे के दामों में उछाल देखा गया है। वहीं आढ़तियों का कहना है कि शीघ्र ही फलों के रेट में भी तेजी आ सकती है। उधर, नवरात्र को लेकर शहर के बाजारों में चुनरी, नारियल, कलश की खरीदारी शुरू हो गई है।
नवरात्र में व्रत रखने वाले लोग मुख्य रूप से फलाहार में साबूदाना, सिंघाड़ा, कुट्टू का आटा एवं मेवे से बनने वाली खाद्य सामग्री का सेवन करते हैं। वहीं आलू और मौसमी फलों की मांग भी बढ़ जाती है। अभी फलों को छोड़ दिया जाए तो बीते सप्ताह 120 रुपये प्रति किलो की दर से मिल रहा सिंघाड़े का आटा अब 140 रुपये प्रति किलो में बिक रहा है। इसी तरह मखाने के दाम में भी 100 रुपये प्रति किलो तक का उछाल आया है। इसके अलावा बादाम, काजू, किशमिश, चिरौंजी आदि के दाम में भी वृद्धि हुई है। दक्षिण भारत से नारियल की भी व्यापारियों ने अच्छी खेप मंगवा ली है। आमतौर पर 10 से 20 रुपये में मिलने वाला नारियल भी 20 से 30 रुपये तक में मिल रहा है। चौक, कटरा, सिविल लाइंस, तेलियरगंज, रानीमंडी, लोकनाथ, कोठापार्चा, अल्लापुर आदि इलाकों में देवी मां को चढ़ने वाली चुनरी, नारियल, कलश की दुकानें सज गईं हैं। कारोबारी प्रमिल केसरवानी के मुताबिक नवरात्र के दौरान फलाहार की सामग्रियों की मांग बढ़ने पर दाम और बढ़ सकते हैं।
इस तरह से बढ़े दाम
वस्तु का नाम एक अक्तूबर का रेट सात अक्तूबर का रेट
मखाना 600-700 700-800
सिंघाड़ा 100-120 120-140
कुट्टू का आटा 130-140 140-150
मूंगफली 85-90 90-100
साबूदाना 80-90 90-100
काजू 820-850 850-900
किशमिश 320-360 350-380
चिरौंजी 900-990 900-1000
नारियल 15-20 20-30 (प्रतिनग)
गरी गोला 220-240 230-250
नोट...सभी के रेट प्रतिकिग्रा में हैं।
नवरात्र आते-आते अमूमन मुंडेरा मंडी में सेब, केला आदि के दाम काफी बढ़ जाते थे, लेकिन इस बार सेब और केला की फसल अच्छी होने से बाजार में इनकी भरमार है। थोक मंडी में हिमाचली और कश्मीरी सेब 60 से 80 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा है, जबकि फुटकर मार्केट में सेब का अधिकतम दाम सौ रुपये प्रतिकिलो है। एजी ऑफिस मंडी में सेब जरूर 120 रुपये किलो तक है। मुंडेरा मंडी फल सब्जी व्यापार मंडल महासंघ के अध्यक्ष सतीश कुशवाहा का कहना है कि इस बार केला भी मंडी में खूब आ रहा है। मंडी में तो 20 से 25 रुपये प्रतिदर्जन इसका दाम है। वहीं शहर के अन्य इलाकों में केला 40 से 50 रुपये दर्जन पर पिछले कई दिनों से टिका हुआ है।