क्षेत्र के सरायमदन गांव में खेल के दौरान डंडे से किए गए हमले में गंभीर चोट लगने की वजह से 11 वर्षीय तरुणेश की मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे सीएचसी ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने आरोपी किशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
सरायमदन गांव में रहने वाले राजबली हरिद्वार में रहकर निजी कंपनी में काम करता है। उसका बेटा तरुणेश गांव में ही स्थित स्कूल में छठवीं का छात्र था। मंगलवार दोपहर वह घर के पीछे आसपड़ोस के ही बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान उसका गांव के ही एक किशोर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद किशोर ने डंडे से उसके गले पर वार कर दिया। जोरदार हमले से तरुणेश को गंभीर चोट आई और वह जमीन पर गिर पड़ा, जिस पर आरोपी भाग निकला।
जानकारी पर परिजन पहुंचे और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैलहा ले गए। लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तरुणेश तीन भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। पुलिस ने बताया कि पिता राजबली की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।