नई दिल्ली जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस में बुधवार को एसी -टू कोच से अचानक धुआं निकलने लगा। ट्रेन चलने के बाद अचानक धुआं निकलने से उसके ए-3 कोच में बैठे तमाम यात्री बाहर उतर आए। मामला प्रयागराज एक्सप्रेस का था, इस वजह से सूचना मिलने पर रेलवे के कई अफसर मौके पर पहुंच गए। इस दौरान जांच के बाद एसी कोच की गैस लीक होने की जानकारी मिली। उसे ठीक करने में तकरीबन सवा घंटे का वक्त लगा। इससे ट्रेन रात 10:56 बजे यहां से रवाना हो सकी।
प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर -एक से रात 9:30 बजे जैसे ही ट्रेन रवाना होने को तैयार हुई उसके ए-3 कोच (16055) से अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं निकलते देख आग की आशंका पर यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक ली। इस बीच जीआरपी, आरपीएफ समेत रेलवे के तमाम कर्मचारी पहुंच गए । आनन-फानन में ए- 3 कोच में बैठे यात्री बाहर निकलने लगे। रात 9:53 बजे ट्रेन में ओएचई सप्लाई बंद कर दी गई और जहां से गैस लीक हो रही थी उसे चेक किया गया। उसे दुरुस्त करने के लिए कर्मचारी जुट गए। सब कुछ ओके होने के बाद रात 10:56 बजे ट्रेन यहां से रवाना की गई । उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ अजीत सिंह ने बताया ट्रेन में आग लगने जैसी कोई बात नहीं थी। उसमें सिर्फ गैस लीक होने की वजह से ही धुआं निकल रहा था ।