साथी के साथ लालगंज बाजार से घर लौट रहे बाइक सवार युवक को सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दिया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई, जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल साथी को सीएचसी में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
महेशगंज थाना क्षेत्र के मनीराम का पुरवा गांव निवासी धीरेंद्र कुमार यादव (25) पुत्र राकेश कुमार गांव के ही साथी राजा पुत्र संतलाल के साथ बाइक से रिश्तेदारी गया था। गुरूवार की रात करीब 8 बजे दोनों घर लौट रहे थे। लालगंज कोतवाली के हरनाहरपुर गांव के समीप सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही धीरेंद्र की मौत हो गई। जबकि साथी राजा गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए घायलों को लालगंज सीएचसी भेजा। जहां डाक्टरों ने धीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। जानकारी उसके परिजनों को मिली तो लोग रोते बिलखते अस्पताल की ओर भागे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।