कारोबारी के बेटे पर बरसाए लाठी-डंडे, पिस्तौल की बट से किया हमला
सिविल लाइंस स्थित पीवीआर के पीछे कारोबारी के बेटे शांतनु केसरवानी को घेरकर लाठी-डंडे और पिस्तौल की बट से हमला कर लहूलुहान कर दिया गया। इसकी कार पर ईंट-पत्थर बरसाए गए। जबरन 15 हजार रुपये छीनकर 10 लाख की रंगदारी मांगी गई। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने अभिषेक पांडेय, शीबू केसरवानी, आशु जायसवाल, हर्ष पांडेय व चार अज्ञात पर केस दर्ज किया है। धूमनगंज के जयंतीपुर निवासी हार्डवेयर कारोबारी संजय केसरवानी के बेटे शांतनु केसरवानी ने एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस को बताया कि बुधवार रात करीब 10:45 बजे सिविल लाइंस स्थित एक जिम से निकलने के बाद हल्दीराम रेस्टोरेंट के सामने दुकान पर अंडा खाने चला गया।
आरोप है कि तभी पहले से घात लगाकर खड़े आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से कार को चारों तरफ से घेर लिया। लाठी-डंडों से हमला किया गया। एक नकाबपोश ने पिस्तौल की बट से भी हमला किया। पीड़ित को कार से बाहर खींचकर पीटा जिससे वह खून से लथपथ हो गया। विरोध करने पर नकाबपोश व्यक्ति ने पिस्तौल सटा दी और गले से सोने की चेन व 15 हजार रुपये छीन लिए। धमकी दी गई कि 10 लाख रुपये रंगदारी नहीं दोगे तो तुम्हें व तुम्हारे परिवार को खत्म कर देंगे। इसके बार पत्थरों से कार में तोड़फोड़ की। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर पिस्तौल लहराते हुए फरार हो गए। सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।