मेजा इलाके के अमिलिया खुर्द के पास शुक्रवार दिन में एक झाड़ी में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। कुछ देर में वहां पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए। सूचना पर मौके पर मेजा थानाध्यक्ष राजेश उपाध्याय के साथ मेजा के एसीपी रवि गुप्ता पहुंच गए। जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस को युवक के जेब से आधार कार्ड बरामद हुआ। जिससे शव की शिनाख्त करछना थाना क्षेत्र के चंदेलनकापूरा (कोलाही) के मंदीप यादव (20) के रूप में की गई। सूचना पर बदहवास हालात में मौके पर पहुंचे परिजनों का रो रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच-पड़ताल में पता चला कि युवक के सिर पर वार कर बदमाशों ने मौत के घाट उतारा है। मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की है।
शुक्रवार दिन में अमिलिया खुर्द गांव के खेल मैदान में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। खेलने के दौरान बच्चों की गेंद झाड़ी में चली गई। गेंद की तलाश में बच्चे झाड़ी के पास गए तो वहां पर एक युवक की लाश पड़ी थी। लाश की सूचना पर कुछ देर में काफी संख्या में लोग वहां पर जुट गए। कुछ ही देर में मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। मेजारोड चौकी इंचार्ज अंकुश कुमार ने बताया कि युवक की जेब से उसका आधार कार्ड मिल गया। जिससे शव की शिनाख्त मंदीप यादव (20) पुत्र बनवारी यादव के रूप में की गई।