पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी गांव स्थित मकान में विवाहिता रेशमा का फंदे से लटका शव मिला। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मायके वालों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर रेशमा की गला दबाकर हत्या कर दी गई और फिर आत्महत्या दिखाने के लिए उसके शव को फंदे पर लटका दिया। पूरामुफ्ती पुलिस ने पति नेहाल अहमद, देवर नियाज अहमद, सास सलमा उर्फ हमीदुन और ननद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
कौशाम्बी के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के पट्टी परवेजाबाद बड़ागांव के रहने वाले नवाब अहमद ने करीब एक साल पहले अपनी बहन रेशमा की शादी मनौरी निवासी नेहाल से कराई थी। नेहाल मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता है। परिजनों का आरोप है कि बुधवार रात रेशमा का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही परिजन रोते बिलखते बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में एक बाइक और एक लाख रुपये की मांग की थी। मांग पूरी न होने पर रेशमा को प्रताड़ित करने लगे।
आरोप है कि हाल ही में नेहाल को एक पुरानी बाइक और 10 हजार रुपया नकद दिया था। दहेज की मांग पर पूरी न होने पर रेशमा की गला दबाकर हत्या कर उसके शव को फंदे पर लटका दिया। मामले में मृतका रेशमा के भाई नवाब की तहरीर पर पुलिस ने उक्त लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं, पुलिस पति सहित दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पूरामुफ्ती थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।