परिजन ने भी किसी से रंजिश और हत्या की आशंका से किया इनकार
मीरगंज। गांव तिलमास की पश्चिम गौंटिया की रहने वाली किशोरी का शव बुधवार को जंगल में यूकेलिप्टस के पेड़ से लटका मिला। पिता के मुताबिक वह घास लेने जंगल गई थी। फोरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। पोस्टमॉर्टम में उसकी मौत फंदा लगाकर लटकने से होने की पुष्टि हुई है।
पूर्वाह्न 11 बजे ग्रामीणों ने गांव के ही खूबचंद के खेत की मेड़ पर लगे यूकेलिप्टस के पेड़ से दुपट्टे के सहारे किशोरी का शव लटका देखा। गांव वालों ने किशोरी की पहचान झम्मन लाल की बेटी प्रीति के रूप में होने के बाद घरवालों और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर और सीओ एसके राय मौके पर पहुंच गए। इसके बाद शव को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पिता झम्मन लाल ने पुलिस को बताया कि प्रीति बुधवार सुबह 10 बजे घास लेने जंगल गई थी। उन्होंने किसी से रंजिश और हत्या की आशंका से इनकार किया, लेकिन वह आत्महत्या की भी कोई वजह नहीं बता सके। इस मामले में गांव वाले भी कुछ कहने से इनकार कर रहे हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर का कहना है कि शव पर कहीं भी चोटों के निशान नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है।
मौके पर संघर्ष के निशान नहीं
किशोरी के पंजे जमीन को छू रहे थे, जिसके चलते लोग हत्या की आशंका भी जता रहे थे। इस पर फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी की और फिंगर प्रिंट जुटाए। मगर वहां संघर्ष का कोई निशान नहीं मिला है। वहीं, पोस्टमार्टम में उसकी मौत फंदा लगाने से होना बताई गई है। वहीं, दुष्कर्म की कोई आशंका न होने के बावजूद भी स्लाइड बनाई गई है।