प्रयागराज। संविलियन विद्यालय पूर्व माध्यमिक दारागंज का शुक्रवार को खंड शिक्षाधिकारी नगर क्षेत्र ज्योति शुक्ला ने निरीक्षण किया। स्कूल खुलने से पांच मिनट पहले निरीक्षण को पहुंची खंड शिक्षाधिकारी को प्रधानाध्यापिक सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं तय समय पर स्कूल नहीं पहुंचे थे। विद्यालय के निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षाधिकारी को हर कदम पर गड़बड़ी मिली। स्कूल में शिक्षा का स्तर बहुत खराब पाया गया। खंड शिक्षाधिकारी ने विद्यालय में गंभीर अनियमितता को देखते हुए खंड शिक्षाधिकारी ने पूरी रिपोर्ट बीएसए को कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए भेजा है।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय दारागंज बालक में प्रधानाध्यापक की ओर से कंपोजिट ग्रांट में की गई वित्तीय अनियमितता पकड़ी गई जबकि पूर्व माध्यमिक विद्यालय दारागंज के प्रधानाध्याक की ओर से बच्चों को दिए गए नि:शुल्क यूनीफार्म वितरण की गुणवत्ता बहुत खराब पाई गई। प्रधानाध्याक को निर्देश दिया गया कि वह बच्चों से ड्रेस वापस लेकर गुणवत्ता पूर्ण ड्रेस का वितरण करें। प्राथमिक विद्यालय में पढ़े भारत बढ़े भारत की धनराशि आहरित कर ली गई परंतु विद्यालय में इसका प्रयोग नहीं किया गया। विद्युतीकरण की धनराशि निकाल ली गई परंतु इसका प्रयोग नहीं किया गया। विद्यालय अंग्रेजी माध्यम में चयनित होने के बाद भी विषय के शिक्षक को पूछी गई स्पेलिंग का अर्थ पता नहीं था। विज्ञान शिक्षिका को भी अपने विषय का ज्ञान नहीं था। इस प्रकार पूरे विद्यालय में पठन-पाठन खराब पाया गया। खंड शिक्षाधिकारी ने प्रधानाध्याक सहित सभी शिक्षकों को चेतावनी दी गई कि तीन दिन बाद दोबारा निरीक्षण होगा, सुधार नहीं होने पर कठोर कार्रवाई होगी।