साधन सहकारी समिति रामनगर में बृहस्पतिवार को बढ़ते दबाव को देखते हुए सचिव ने किसानों को डीएपी बांटी है। डीएपी और यूरिया को लेकर बृहस्पतिवार भोर से ही किसानों की भीड़ लग गई। दोपहर बाद किसानों के बढ़ते दबाव को देखते हुए समिति सचिव को खाद वितरण का निर्णय लेना पड़ा। समिति के अध्यक्ष शिव कैलाश यादव ने बताया कि कई किसानों को डीएपी का वितरण किया गया। शुक्रवार से डीएपी और यूरिया का वितरण नियमित रूप से किया जाएगा।
इधर, गौहनिया में धान की रोपाई शुरू हो गई है। किसानों को डीएपी खाद के लिए लाइनें लगानी पड़ रही हैं। गौहनिया स्थित इफको बाजार में खाद खरीदने पहुंचे किसानों ने असंतोष जताया। कांटी निवासी किसान मोनू ने बताया कि उसे पांच बोरी डीएपी खाद के साथ 1300 रुपये मूल्य का दो पैकेट खाद मिला। किसानों का कहना है कि उन्हें मजबूरन ये अतिरिक्त उत्पाद खरीदने पड़ रहे हैं।
इधर, मांडा में किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। मांडा खास, हाटा, मझिगवां, महुआरी कला, कोसड़ा कला, महेवा कला, बरहाकला व चकडीहा समितियों पर बिक्री ठप है। कहीं-कहीं यूरिया और एनपीके उपलब्ध है, पर सबसे जरूरी डीएपी पूरी तरह गायब है। संचालक तन्नू खां ने तकनीकी समस्या बताई है।
निजी दुकानों से महंगे दाम पर खरीद रहे खाद
क्षेत्र की पीपैक्स पुरैनी साधन सहकारी समिति में डीएपी और यूरिया खाद उपलब्ध नहीं है। ऐसे में किसान निजी दुकानों से अधिक दाम पर खाद खरीदने के लिए मजबूर हैं।
रामबली शर्मा, दिनेश सिंह, भोला सिंह, अजय सिंह और कमला शंकर ओझा ने आरोप लगाया कि समिति पर समय से खाद उपलब्ध नहीं कराई जाती। उनका कहना है कि खाद आते ही बड़े किसानों को पहले दे दी जाती है। मझुआ किसान सेवा केंद्र के संचालक अजीत पटेल ने बताया कि 19 जुलाई से सर्वर ठप होने के कारण खाद वितरण प्रभावित है।
किसान रामबली शर्मा ने 280 रुपये जमा करने के बाद भी एक सप्ताह से खाद न मिलने की शिकायत की। पुरैनी साधन सहकारी समिति के सचिव पांडेय ने बताया कि 21 जुलाई को स्टॉक समाप्त हो गया था। उन्होंने 25 जुलाई तक नई खेप आने और वितरण शुरू होने की संभावना जताई।
सर्वर चालू, समितियों में आज से बांटी जाएगी खाद
किसानों के लिए अच्छी खबर है। साधन सहकारी समितियों का सर्वर बृहस्पतिवार शाम को चालू हो गया। ऐसे में सभी साधन सहकारी समितियों में शुक्रवार को डीएपी और यूरिया का वितरण किया जाएगा।
हालांकि, बृहस्पतिवार को भी सुबह से ही कई साधन सहकारी समितियों में किसानों की भीड़ लगी रही, लेकिन उन्हें निराश ही लौटना पड़ा। शाम को सर्वर आने की सूचना पर किसानों को खाद मिलने की उम्मीद जगी है। एडीओ कोऑपरेटिव सच्चिदानंद दुबे ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को सभी समितियों में सर्वर चालू हो गया। सचिवों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने समितियों में शुक्रवार सुबह से खाद का वितरण करें। किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साधन सहकारी समिति तेंदुआ कला के अध्यक्ष राहुल तिवारी ने भी बताया कि शुक्रवार से खाद का वितरण होगा।