यमुनापार के बारा थाना क्षेत्र के रेही गांव में रेही गांव में एक शादी समारोह के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। आरकेस्ट्रा में आईं डांसर रात भर नाचीं। बड़ी संख्या में बाराती और घराती डांस देखते रहे। किसी ने भी मास्क नहीं लगाया था। बुधवार को जब सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो बारा पुलिस एक्टिव हुई। अब आयोजकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। यमुनापार में इससे पहले भी मांडा इलाके में शादी समारोह के दौरान हो रहे आरकेस्ट्रा को पुलिस ने बंद करवाकर आयोजकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
सोशल मीडिया पर बुधवार को बारा थाना क्षेत्र के रेही गांव का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें एक शादी समारोह के दौरान आरकेस्ट्रा में डांसर नाच रहीं थीं। न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा था न ही किसी ने मास्क लगाया था। बाराती और घराती दोनों ही पक्ष के लोग स्टेज पर चढ़कर लड़कियों पर रुपये लुटाते हुए दिख रहे थे। इसी दौरान किसी ने वीडियो बना लिया था।
शादी समारोह एक हफ्ते पहले हुआ था। बुधवार को वीडियो वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि शादी वाली रात किसी ने पुलिस को शिकायत की थी। स्थानीय दरोगा मौके पर गए भी थे लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की थी। अब वीडियो वायरल होने के बाद इंस्पेक्टर बारा टीकाराम वर्मा का कहना है घटना एक हफ्ता पहले की है। आज दरोगा को गांव में आयोजकों का पता लगाने के लिए भेजा गया है। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।