धूमनगंज पुलिस ने मंगलवार की रात अतीक के गुर्गों की तलाश में धूमनगंज के कई इलाकों में दबिश दी। पुलिस ने मरियाडीह में आबिद, फरहान और अकबर के घरों में दबिश देकर घर वालों से कहा कि उन्हें जल्द से जल्द हाजिर कराया जाय। आबिद, फरहान और अकबर तीनों एक ही गांव के रहने वाले हैं और अतीक के बेहद करीबियों में शामिल हैं। इन तीनों के कई करीबियों के पास लाइसेंसी असलहे भी हैं।
पुलिस इन दिनों अतीक गैंग के शातिरों के खिलाफ अभियान चला रही है। धूमनगंज पुलिस ने मंगलवार की रात मरियाडीह समेत कई इलाकों में दबिश दी। मरियाडीह में अतीक गैंग के सबसे शातिर कहे जाने वाले आबिद, फरहान और अकबर के घर दबिश दी गई। तीनों ही घर में नहीं थे। पुलिस ने घर वालों से कहा है कि उन्हें जल्द से जल्द हाजिर करा दिया जाय नहीं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इंस्पेक्टर धूमनगंज एके चतुर्वेदी ने बताया कि तीनों ही बेहद शातिर हैं। पुलिस अब अतीक गैंग के शातिरों को मदद करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने जा रही है। दबिश के समय अक्सर शातिर अपने घरों में नहीं मिलते। जाहिर वे आस पास कहीं शरण लेते हैं। उनके बारे में पता लगाया जा रहा है। इनके करीबियों के पास जितने लाइसेंसी असलहे हैं, सबकी सूची बना ली गई है। असलहे जमा नहीं किए गए तो उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
प्रधान के घर दबिश, लाइसेंसी असलहा जमा करने को कहा
अतीक गैंग के साथ ही पुलिस ने बच्चा पासी गैंग से संबंध रखने के आरोप में प्रधान दिलीप प्रजापति के कौशांबी स्थित घर भी दबिश दी। वह घर पर नहीं मिले। घर वालों से कहा कि वह लाइसेंसी असलहा जमा कर उन्हें हाजिर कराएं नहीं कार्रवाई होगी। इस मामले में प्रधान दिलीप प्रजापति ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ एक भी मुकदमा नहीं है। ऐसे में पुलिस बेवजह उनका नाम बच्चा पासी के साथ जोड़ रही है। वह मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे।