सीएससी संचालक को गोली मार पौने दो लाख लूटे
गंभीर हालत में जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
चरवा/मूरतगंज (कौशाम्बी)। चरवा कोतवाली के बिरौली गांव स्थित बैंक में पैसा जमा करने जा रहे एक सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालक को बदमाशों ने गोली मार कर पौने दो लाख रुपये लूट लिए। गंभीर हालत में सीएससी संचालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस बदमाशों की धरपकड़ में जुट गई है।
चरवा कोतवाली के पंसौर निवासी भूपेंद्र प्रजापति इलाके के ही बिरौली गांव स्थित एसबीआई शाखा में सीएससी संचालक है। उसका काउंटर मनोहरगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास है। प्रतिदिन की तरह मंगलवार की शाम भी भूपेंद्र अपना सेंटर बंद कर कर रुपये जमा करने के लिए बिरौली शाखा जा रहा था। शाम करीब पांच बजे पंसौर मोड़ के पास पहले से ही घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। जांघ में गोली लगने के कारण भूपेंद्र जमीन पर गिर पड़ा और बदमाश उसके पास से पौने दो लाख रुपये से भरे बैग को लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश कर रही है।