मंत्री नंदी और पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता ने किया कन्यापूजन।
- फोटो : अमर उजाला।
मंत्री नन्दी और पूर्व महापौर ने हवन-पूजन के साथ किया कन्या पूजन
शारदीय नवरात्रि की महानवमी के पावन अवसर पर सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी एवं पूर्व महापौर श्रीमती अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने बहादुरगंज स्थित अपने आवास पर सपरिवार मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर नौ दिनों तक चले अखंड व्रत का संकल्प पूर्ण करते हुए मां आदिशक्ति की स्तुति, हवन-पूजन और कन्या पूजन किया। मंत्री नन्दी एवं पूर्व महापौर ने कन्याओं के पांव पखारकर उनका पूजन किया और उन्हें भोजन प्रसाद ग्रहण कराकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कन्या पूजन के दौरान मंत्री नन्दी एवं पूर्व महापौर ने पीतल के परात में लोटे से जल लेकर कुंवारी कन्याओं के पांव पखारे और उनके चरणों में रंग लगाया। इसके बाद कन्याओं के माथे पर रोली, चंदन, दही और अक्षत का तिलक लगाकर उन्हें चुनरी ओढ़ाई। आरती उतारने के साथ ही उपहार एवं दक्षिणा भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंत्री नन्दी एवं पूर्व महापौर ने अपने हाथों से कन्याओं को भोजन परोसा और श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कराया।
मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि बेटियां सुख, समृद्धि और प्रगति का आधार हैं। कन्याओं का पूजन भारतीय संस्कृति की उस महान परंपरा का प्रतीक है, जिसमें नारी को शक्ति, सृजन और सम्मान का स्वरूप माना गया है। कन्या पूजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि बेटियों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और उनके महत्व को स्वीकार करने का भी संदेश है।
मंत्री नन्दी ने कहा कि शारदीय नवरात्रि मां आदिशक्ति की आराधना का पावन पर्व है। मां दुर्गा सर्वशक्तिमान और सर्वव्यापी हैं। नवरात्रि के नौ दिन जगत जननी मां दुर्गा को समर्पित हैं और भारतीय संस्कृति में कुमारी कन्याओं को साक्षात देवी का स्वरूप मानकर उनकी पूजा की जाती है।
उन्होंने कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं। शिक्षा, विज्ञान, खेल, उद्यमिता, प्रशासन और सामाजिक जीवन सहित हर क्षेत्र में बेटियां अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य से नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। बेटियों का सम्मान, उनकी सुरक्षा, शिक्षा और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर देना हम सभी का दायित्व है। मां दुर्गा की आराधना तभी सार्थक होगी, जब हम अपने जीवन में नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण के संकल्प को आत्मसात करेंगे।