रसोई गैस सिलिंडर इस्तेमाल करने वाले फूलपुर क्षेत्र के 12 हजार से अधिक परिवारों की चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र में करीब 40 हजार घरेलू गैस उपभोक्ता हैं लेकिन इनमें 12 हजार से अधिक ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है।
तेल कंपनियों की ओर से ई-केवाईसी पूरी करने के लिए 15 अगस्त तक अंतिम तिथि तय की गई है। निर्धारित अवधि में सत्यापन पूरा नहीं होने पर गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित होने के साथ अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी।
ई-केवाईसी कराने के लिए गैस एजेंसी की ओर से घर-घर अभियान चलाया जा रहा है। कर्मचारी उपभोक्ताओं के घर पहुंचकर सत्यापन कराने का प्रयास कर रहे हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता हैं, जो नौकरी, मजदूरी, कारोबार या अन्य काम के कारण दिनभर घर से बाहर रहते हैं। ऐसे में कर्मचारियों को कई घरों पर उपभोक्ता नहीं मिल रहे हैं और ई-केवाईसी का काम पूरा नहीं हो पा रहा है।
अंतिम तारीख नजदीक, बढ़ी उपभोक्ताओं की चिंता
15 अगस्त की समयसीमा नजदीक आने के साथ ही उपभोक्ताओं में जल्दबाजी बढ़ गई है। कई लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी नहीं है। उपभोक्ताओं का कहना है कि ई-केवाईसी जरूरी है तो इसकी प्रक्रिया को आसान बनाने के साथ गांवों में पर्याप्त जानकारी भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
गैस आपूर्ति प्रभावित हुई तो बढ़ेगा घरेलू खर्च
घरेलू गैस पर निर्भर परिवारों के लिए सिलिंडर की कीमत बढ़ना सीधे रसोई के बजट को प्रभावित करेगा। उपभोक्ताओं का कहना है कि ई-केवाईसी नहीं होने पर बिना सब्सिडी वाला गैस सिलिंडर खरीदना पड़ेगा। गैस एजेंसी के संचालक ने बताया कि मौजूदा समय में घरेलू सिलिंडर 994.50 रुपये में है। जबकि बिना सब्सिडी वाले गैस सिलिंडर की कीमत करीब 1700 रुपये में मिलेगा। सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित होती है या अधिक कीमत चुकानी पड़ती है, तो पहले से महंगाई से जूझ रहे परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
घर-घर पहुंच रहे एजेंसी कर्मचारी
एजेंसी प्रबंधक राजीव कांत पांडेय ने बताया कि ई-केवाईसी पूरा कराने के लिए कर्मचारियों को घर-घर भेजा जा रहा है। कई उपभोक्ता घर पर नहीं मिलते हैं, जिससे सत्यापन पूरा कराने में दिक्कत आ रही है। उपभोक्ताओं से अपील की जा रही है कि वे 15 अगस्त से पहले ई-केवाईसी जरूर करा लें, ताकि बाद में गैस सिलेंडर को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो।
- गांवों में कई बुजुर्ग उपभोक्ता हैं, जिन्हें ई-केवाईसी की प्रक्रिया समझने में दिक्कत होती है। जरूरी है कि ऐसे लोगों के लिए आसान व्यवस्था की जाए। - दिनेश कुमार मिस्त्री महजुदवार।
- काम के सिलसिले में दिनभर घर से बाहर रहना पड़ता है। कई बार गैस एजेंसी के कर्मचारी घर पहुंचते हैं तो परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं होता। ऐसे में ई-केवाईसी कराने में परेशानी हो रही है। - राम लखन पटेल उर्फ बुलबुल, बाबूगंज
- गैस सिलिंडर अब हर परिवार की जरूरत है। यदि ई-केवाईसी नहीं होने पर सिलिंडर महंगा पड़ता है तो इसका सीधा असर परिवार के मासिक बजट पर पड़ेगा। सभी उपभोक्ताओं को समय रहते सत्यापन पूरा कराने की सुविधा मिलनी चाहिए। - प्रदीप यादव उमरी मय टटिहरा।