हरिसेनगंज-मंडी में सजी सब्जी की दुकान
- फोटो : Police
बरसात के कारण आवक कम होने से सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। पिछले एक महीने में प्याज और अदरक के दाम में दो गुना बढ़ोतरी हुई है। टमाटर, भिंडी, बैंगन, लौकी समेत सभी हरी सब्जियां महंगी होने से गृहिणियों की रसोई का बजट बिगड़ रहा है।
मऊआइमा के जोगापुर सब्जी मंडी में एक महीने पहले जो प्याज 30 रुपये किलो बिक रहा था, आज उसका मूल्य 60 रुपये किलो हो गया है। अदरक के दाम भी 250 के पार पहुंच गया है। इसी तरह अन्य सब्जियों के दाम भी डेढ़ से दो गुना बढ़ गए हैं। सब्जी विक्रेता रामलखन ने बताया कि बारिश के कारण स्थानीय सब्जी की आवक कम हो गई है। बाढ़ और खेतों में पानी भरने से भिंडी, लौकी, नेनुआ आदि सब्जियां पूरी तरह खराब हो चुकी हैं।
प्याज और अदरक का नया स्टॉक अभी मंडी में नहीं आया। पुराना स्टॉक खत्म हो रहा है, इसलिए रेट बढ़ गया। डीजल का खर्चा बढ़ने से भाड़ा भी बढ़ गया है। इसका असर भी खुदरा रेट पर पड़ा है। महंगाई की सबसे ज्यादा मार घर की रसोई पर पड़ी है। गृहिणी अमरावती देवी ने कहा कि पहले सब्जी पर एक महीने में 3000 रुपये खर्च होते थे लेकिन अब 5000 रुपये भी कम पड़ रहे हैं। अदरक-प्याज के बिना तो सब्जी में स्वाद ही नहीं आता। अब नाप-तौल कर खरीदारी करनी पड़ रही है।
सब्जी के रेट बढ़ने से बिक्री पर भी असर पड़ा है। पहले दिन में 5 क्विंटल माल बिक जाता था, अब 2 क्विंटल भी नहीं बिक रहा। ग्राहक रेट सुनकर आगे बढ़ जाता है। आधा माल शाम तक खराब हो जाता है, हम भी घाटे में हैं। - अब्दुल खालिक, फुटकर विक्रेता
एक माह में कितने बढ़े दाम
सब्जी पहले अब
प्याज 25-30 - 55-60
अदरक 200-220- 260-280
टमाटर 20-25- 30-40
भिंडी 25-30- 40-50
लौकी 15-20- 30-40
धनिया 80-100- 180-200
नेनुआ 20-25 -35-40
बैगन 20-24- 35-40
आलू 15-20- 25-30
गोभी 30-35 -50-55
नोट : सभी दाम प्रति रुपये किलो में