कैंट में म्योराबाद पेट्रोल पंप के पास गुरुवार दोपहर एक पूर्व सांसद के बेटे ने अपने साथियों के साथ जमकर बवाल काटा। चाय की दुकान पर बैठे सीएमपी डिग्री कॉलेज के छात्रनेता और उसके साथी पर हमला बोल दिया। लात-घूंसों से युवक को पिटते देख आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर फायरिंग करते हुए भाग निकले। फायरिंग में छात्रनेता समेत दो लोग जख्मी हुए हैं। पुलिस पूर्व सांसद के बेटे और एक अन्य के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
शिवकुटी में मेंहदौरी निवासी अमित सिंह सीएमपी डिग्री कॉलेज में छात्रसंघ का चुनाव लड़ चुका है। गुरुवार दोपहर वह अपने एक साथी के साथ म्योराबाद पेट्रोल पंप के पास खड़ा था। तभी म्योराबाद निवासी एक पूर्व सांसद का बेटा शिवांग अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और अमित से भिड़ गया। गालीगलौज के बाद अमित और उसके साथी को लात-घूंसों से पीटने लगा। मारपीट होते देख अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग दौड़े तो हमलावरों ने तमंचे से फायर कर दिया। अमित और कुछ दूर पर खड़े शुभम नामक लड़के के पैर में छर्रा लगा और दोनों लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी पाकर शुभम के पिता राजकुमार सिंह साथी वकीलों के साथ अस्पताल से कैंट थाने पहुंच गए। सूचना पर एसओ कैंट ब्रजेश द्विवेदी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी लेकिन वे नहीं मिले। एसओ के मुताबिक इस मामले मे पूर्व सांसद के बेटे शिवांग, संतोष और अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा लिखा गया है। शिवांग के खिलाफ कैंट थाने में इससे पहले भी आपराधिक मुकदमा दर्ज हुआ है लेकिन आज तक पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई।