कीडगंज के गढ़ैया इलाके में पति के निधन के बाद घर में अकेले रहने वाली बुजुर्ग महिला की हत्या कर बदमाश नकदी और जेवर समेत लाखों का माल लूट गए। बदमाशों ने घर के दरवाजे में बाहर ताला लगा दिया था। बुधवार को छत्तीसगढ़ से आए भाई ने घर में ताला और अंदर से दुर्गंध के चलते शक के आधार पर पुलिस को खबर दी तो इस वारदात का पता चला। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर पुलिस को बुजुर्ग महिला का शव मिला। आलमारी-बक्से खुले थे और उनमें रखे गहने-पैसे गायब थे। पुलिस महिला की हत्या और लूटपाट करने वाले बदमाशों को खोज रही है।
राजापुर चित्रकूट निवासी शिव चरण द्विवेदी नैनी स्थित केदारनाथ इंटर कॉलेज में शिक्षक थे। वह कीडगंज के गढ़ैया इलाके में पत्नी रत्ना द्विवेदी (58) के साथ तीन मंजिला मकान में रहते थे। उनके बच्चे नहीं थे। दो साल पहले शिवचरण का ब्रेन हैमरेज से निधन हो गया था। उनकी मौत के बाद रत्ना मकान में अकेले गुजर-बसर करती थीं। शिवचरण तीन भाईयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई सुदर्शन के पोते की अगले माह शादी होनी है। परिवार का विश्वनाथ उर्फ राजू चार रोज पहले बसंत पचंमी पर रत्ना को बुलाने आया तो घर में बाहर से ताला लगा था। उसने पड़ोसियों से पूछा तो पता चला कि रत्ना को कई दिन नही देखा गया था। ऐसे में राजू चित्रकूट लौट गया।
उसने इस बारे में छत्तीसगढ़ में रत्ना के भाई नरेंद्र को फोन से बताया। इस पर चिंतित होकर मंगलवार रात रत्ना के भाई नरेंद्र बुधवार सुबह गढ़ैया में बहन के घर आ गए। वहां ताला लटका था और अंदर से बदबू आ रही थी। इस पर सशंकित होकर उन्होंने पुलिस को सूचना दिया। कीडगंज पुलिस ने आकर दरवाजे में लगे ताले तोड़ दिए। भाई नरेंद्र और पड़ोसियों के साथ पुलिस टीम घर में घुसी। मकान की पहली मंजिल पर रत्ना की लाश फर्श पर पड़ी थी। शव की हालत देख पुलिस ने अंदाजा लगाया कि उनकी मौत कई दिन पहले हो चुकी थी। रत्ना के गले में शॉल का फंदा था। आलमारी और बक्से खुले थे। कमरे में फर्श पर कपड़े और सामान बिखरे थे।
आलमारी का लॉकर खुला था। मोबाइल, नकदी और जेवर गायब थे। इससे साफ है कि बदमाशों ने घर में अकेली रत्ना की गला घोंटकर हत्या की फिर लाखों रुपये का माल लूटकर भाग गए। जाते समय बदमाशों ने घर के दरवाजे में बाहर से ताले लगा दिए। रत्ना अकेली रहती थीं इसलिए कई रोज तक किसी ने ध्यान नहीं दिया। पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट प्रभारी प्रेम भारती को भी बुलाया। फिर शव को सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ कीडगंज एयू सिद्दीकी ने बताया कि कातिलों के बारे में छानबीन की जा रही है। संदिग्ध युवकों के बारे में पता लगाया जा रहा है।