सीएवी इंटर कॉलेज परिसर में सोमवार रात आयोजित सपा नेता के भतीजे के शादी समारोह में फायरिंग के दौरान फोटोग्राफर समेत कई लोगों के घायल होने की घटना का केस लिखकर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की है। हालांकि अभी यह पता नहीं चला है कि हर्ष फायरिंग किसने की थी। कोतवाली पुलिस का कहना है कि शादी की वीडियो रिकार्डिंग देखने से शायद पता चल सकेगा कि गोली किसने चलाई थी।
सीएवी इंटर कॉलेज में सोमवार रात पूर्व सांसद एवं सपा नेता बालकुमार पटेल के भतीजे के शादी समारोह में द्वारचार के दौरान खुशी जताने के लिए फायरिंग की जा रही थी। तभी लापरवाही से फायरिंग के चलते कई लोग छर्रे धंसने से जख्मी हो गए। महिलाएं भी छर्रे से घायल हो गईं। शादी की फोटोग्राफी कर रहे कपिल जायसवाल के भी पैर में छर्रा धंसा। शादी समारोह में खलबली मच गई। कपिल को निजी अस्पताल ले जाया गया।
मंगलवार को आॉपरेशन से पैर में धंसा छर्रा निकाला गया। कोतवाली इंस्पेक्टर ने बताया कि कपिल की तरफ से अज्ञात के खिलाफ एफआईआर लिखी गई है। पुलिस ने समारोह में जाकर पूछा लेकिन किसी ने नहीं बताया कि किसकी फायरिंग से लोग जख्मी हुए। लोग छर्रों से जख्मी हुए जिससे साफ है कि फायरिंग बंदूक से की गई थी। शादी या किसी भी समारोह में खुशी जताने के लिए फायरिंग करने पर पाबंदी है। शादी की वीडियो फुटेज को हासिलकर देखा किया जाएगा। हो सकता है कि फुटेज में फायरिंग करने वाला शख्स दिख जाए। उसे गिरफ्तार कर शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई की जाएगी।