जार्जटाउन थाने के पीछे गुरुवार की दोपहर एक शक्तिशाली बम विस्फोट से कार का पहिया उड़ गया। इतना ही नहीं बगल खड़ी बोलेरो के शीशे भी चकनाचूर हो गए। घटना से मुहल्ले में अफरातफरी मच गई। बम ब्लास्ट की सूचना पर फोर्स और बम डिस्पोजल स्क्वायड मौके पहुंच गए। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस का कहना है कि सुतली बम था लेकिन जिस तरह से दो बड़ी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं उससे अंदाजा लगाया जा सकता बम कितना खतरनाक साबित हो सकता था।
दवा कारोबारी संजय सिंह जार्जटाउन थाने के पीछे मदन मोहन मालवीय रोड पर रहते हैं। गुरुवार दिन में उनका ड्राइवर आनंद कुमार गाड़ी लेकर कहीं जा रहा था। घर के पास ही अचानक जोरदार धमाका हुआ और कार की आगे का पहिया उड़ गया। आनंद घबराकर चीखता हुआ बाहर भागा। धमाके में बगल में खड़ी अविनाश कुमार की बोलेरो के शीशे भी चकनाचूर हो गया। ब्लास्ट इतना जोरदार था कि मुहल्ले के लोग बाहर निकल आए। सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। जार्जटाउन थाने से फोर्स मौके पर पहुंच गई।
सीओ एलआईयू और बम डिस्पोजल स्क्वायड (बीडीएस) ने मौके पर पहुंचकर जांच की। सीओ एलआईयू ने एहतियातन घटनास्थल के आस पास मौजूद घरों और पूरी गली में सर्च ऑपरेशन भी चलाया। एक घंटे तक गली में खाक छानने के बाद भी जब कुछ नहीं मिला तो पुलिस वापस आ गई। प्रभारी एसओ जार्जटाउन अयोध्या मिश्रा ने बताया सुतली बम था। संजय सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुहल्ले में गश्त बढ़ा दी गई है। यह आस पास के ही किसी शख्स की बदमाशी हो सकती है। पुलिस पता करने का प्रयास कर रही है।
मौके पर जांच करने पहुंचे बीडीएस के प्रभारी ने बताया कि बम पर कार का पहिया चढ़ जाने के कारण बम से साथ टायर ट्यूब भी फट गए। इसी कारण आवाज की तीव्रता कई गुनी बढ़ गई। लोगों को लगा कि बड़ा विस्फोट हो गया है। वहां से मिले बम के अवशेषों के नमूनों को ले लिया गया है। इसे जांच के लिए भेजा जाएगा।