फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीजे के विवाद में सब्जी विक्रेता का बेरहमी से कत्ल

Sat, 03 Jan 2015 12:05 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
जार्जटाउन थाना क्षेत्र के नया गांव में नए साल के जश्न के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में सब्जी विक्रेता कमलेश भारतीय उर्फ रिंकू (32) का बृहस्पतिवार रात बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। रात में लेबर चौराहा स्थित सब्जी की दुकान को बंद कर वह पैदल ही लौट रहा था तो घर के समीप घात लगाकर बैठे आधा दर्जन लोगों ने उस पर चापड़, लोहे की रॉड, सरिया और धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। सिर पर चापड़ से गहरा घाव होने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने रात में ही नया गांव के चार लोगों को नामजद करते हुए छह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया। हत्या की धारा न लगाए जाने से नाराज मोहल्ले के लोगों ने शुक्रवार शाम शव रखकर अल्लापुर पानी टंकी के पास जाम लगा दिया। एफआईआर में हत्या की धारा जोड़ने का आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने जाम खोला।
विज्ञापन


रिंकू नया गांव में रहता था। बुधवार रात जब विवाद हुआ, वह मोहल्ले में ही था। रिंकू के बड़े भाई दिलीप का आरोप है कि 31 दिसंबर की रात नया गांव में मामा की डेयरी के पास तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। रिंकू और उसके दोस्त इसे बंद कराने पहुंचे तो नया गांव के ही चंद्र प्रकाश, उसके पिता छोटे लाल, मनीष, बंटी और कई अज्ञात झगड़ा करने लगे। सभी शराब के नशे में थे। नौबत मारपीट की आ गई तो रिंकू और उसके दोस्त मौके से लौट आए। इस बात को लेकर बृहस्पतिवार सुबह भी एक बार झगड़ा हुआ था लेकिन परिजनों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया लेकिन दूसरे पक्ष के दिमाग में कुछ और ही चल रहा था। रात 9.30 बजे के बाद जब रिंकू अपनी सब्जी की दुकान बंद करके पैदल ही घर की ओर लौट रहा था तभी आधा दर्जन लोगों ने उसे घेर लिया। उसके सिर, कंधे, पेट, पीठ पर चापड़ से वार किया गया। उसके सिर पर चोट के गहरे निशान थे। वह सड़क पर गिरकर तड़पने लगा।

परिजनों के मुताबिक हमले की खबर जैसे ही रिंकू के बड़े भाई दीपक को हुई तो वह घर से पैदल ही घटना स्थल की ओर दौड़ा। उसके साथ दोस्त धीरज भी था। जब दोनों घटना स्थल पर पहुंचे तो उन पर भी हमला बोल दिया गया। दीपक को बुरी तरह पीटा गया और चापड़ से भी वार किया गया। उसने और धीरज ने भागकर जान बचाई। उसका हमलावरों ने काफी दूर तक पीछा भी किया। उसके सिर पर भी धारदार हथियार से हमले के निशान हैं। उसको पहले बेली अस्पताल ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
विज्ञापन


रिंकू को रात में ही एसआरएन अस्पताल लाया गया। वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शरीर पर धारदार हथियार से वार के एक दर्जन से अधिक निशान थे। मौत सिर की चोट और अत्यधिक खून बह जाने से हुई। रात में परिजन जार्जटाउन थाने पहुंच गए। रिंकू के भाई दीपक की तहरीर पर चंद्रप्रकाश, छोटे लाल, मनीष और बंटी तथा दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस के मुताबिक दूसरे पक्ष की तरफ से भी एक  व्यक्ति को चोट आई है। मनीष और बंटी को गिरफ्तार कर लिया गया है। चंद्र प्रकाश और उसके पिता छोटे लाल फरार हैं।

हत्या के बाद बवाल की आशंका को देखते हुए अल्लापुर के बड़े हिस्से में बाजार बंद रहे। कुछ दुकानें ही शुक्रवार दिन में खुली थीं लेकिन शाम को चक्काजाम के बाद वह भी बंद हो गईं। चक्काजाम करने वालों का कहना था कि पुलिस ने हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मौके पर सीओ वीरेंद्र कुमार, एसओ जार्जटाउन विनोद यादव फोर्स के साथ पहुंचे। सीओ ने कहा कि रात में जो तहरीर दी गई थी, उस आधार पर मुकदमा दर्ज कर किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद हत्या की धारा एफआईआर में जोड़ दी जाएगी। इसके बाद लोगों ने जाम खोला।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें