सिविल लाइंस में बिहारी भवन के पास गली में सोमवार रात लावारिस सूटकेस मिलने के बाद खलबली मच गई। घंटों बाद भी सूटकेस वहीं पड़ा रहने के बाद भी कोई नहीं ले गया तो आसपास के लोग घबराए। सूचना कंट्रोल रूम को दी गई। कंट्रोल रूम की सूचना पर इंस्पेक्टर सिविल लाइंस बीडीएस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के बाद जब सूटकेस खोला गया तो उसमें कागज मिले। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
इंदिरा भवन के बगल बिहारी भवन के पीछे गली में लोगों ने सोमवार दिन में करीब तीन बजे एक लावारिस सूटकेस पड़ा देखा। रात साढ़े सात बजे तक जब सूटकेस पड़ा रहा तो किसी ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। खबर मिलने के बाद इंस्पेक्टर महेश पांडेय, एसआई सुनील सिंह ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंच वहां जुटी भीड़ को सूटकेस से दूर किया गया। सूचना पाकर बीडीएस टीम भी आ गई। डॉग स्क्वॉयड की जांच के बाद बीडीएस टीम ने पूरी सतर्कता बरतते हुए सूटकेस में रस्सी बांध कर खोला। सूटकेस में कागजात के अलावा कुछ न मिलने पर लोगों के साथ पुलिस ने भी राहत की सांस ली। सूटकेस में मिर्जापुर प्रेस क्लब की डायरी, एक आईकार्ड मिला। कार्ड में दीपक कुमार लिखा था। आशंका है कि जहरखुरानों ने किसी मुसाफिर का सूटकेस उड़ाने के बाद कुछ न मिलने पर फेंक दिया होगा।