थाना क्षेत्र के चाका गांव में मंगलवार देर शाम ससुराल से लौट रहे युवकों की बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे उनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे ने अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उरुवा मेजा निवासी श्याम जी विश्वकर्मा की शादी नैनी थाना क्षेत्र के तिगनौता के बांकेलाल विश्वकर्मा की बेटी के साथ हुई थी। मंगलवार को वह अपने साथी दीपक पटेल पुत्र गौरी शंकर पटेल के साथ बाइक से ससुराल आया था।
वापसी में जैसे ही वे रीवा रोड पर आए किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे श्याम जी विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दीपक की सांसें चल रही थीं। मौके पर जुटे लोगों ने आनन फानन में एंबुलेंस बुलाकर दीपक को अस्पताल भेजा। मगर उसने भी रास्ते में ही दम तोड़ दिया। दामाद की मौत की खबर पर श्याम जी के ससुरालीजन वहां पहुंच गए और शव देेख बिलख पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों युवकों की मौत की खबर सुनकर उनके घर के लोग चीरघर पहुंच गए।
थाना क्षेत्र के डांडी में मं्गलवार शाम तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार मोटर मैकेनिक को टक्कर मार दी। भाई के घर के सामने हुई दुर्घटना में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मुट्ठीगंज निवासी जैनुल आब्दीन पुत्र मो. आमीन एक मोटर मैकेनिक थे। वह हाल में ही सऊदी से लौटा था। मंगलवार को वह नैनी के डांडी में रह रहे अपने भाई के यहां साइकिल से आया था। वापसी में वह जैसे ही सड़क पर आया इलाहाबाद की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और थोड़ी देर में ही उसकी मौत हो गई। भाई के घर के पास हुई घटना के तुरंत बाद ही परिजन एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस भी वहां पहुंच गई और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।