यूपी एसटीएफ ने बिहार से मादक पदार्थो की तस्करी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को रविवार को इलाहाबाद में गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 830 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। इसका बाजार में मूल्य 1.25 करोड़ रुपये है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में राम प्रवेश चौहान पुत्र स्वर्गीय रामसागर निवासी धरहरा थाना सुखपुरा जिला बलिया व तेज कुमार मिश्रा उर्फ सोनू मिश्रा पुत्र उमेश कुमार मिश्रा निवासी पनौली थाना घोरावल जिला सोनभद्र है। एसटीएफ के एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि पिछले काफी समय से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गैंग के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी।
इसी सूचना पर एसटीएफ सक्रिय हुई। एसटीएफ टीम थाना सराय इनायत पुलिस को सहयोग लेकर मुखबिर के बताये स्थान हबुसा मोड से 200 मीटर आगे सहसो रोड सराय इनायत पर पहुंचकर घेराबंदी की। टीम ने एक संदिग्ध ट्रक को रोका। इस पर ट्रक में सवार अभियुक्त घबरा गए और ट्रक रोककर भागने लगे। इन्हें एसटीएफ की टीम ने दबोच लिया। इन अभियुक्तों ने ट्रक में बनाई गई गुप्त कैविटी में गांजे के पैकेट्स में छिपाकर रखे थे।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि बरामद गांजा उड़ीसा के राउरकेला एवं बिहार व आंध्रप्रदेश से लाकर चोरी से बेचते हैं। मांग के अनुसार तीन कुंतल से लेकर 10 कुंतल तक बड़े ट्रकों से माल लाकर खरीदारों तक पहुंचाते हैं। बरामद माल बृजमोहन गुप्ता पुत्र बृंदावन निवासी धरहरा जनपद बलिया, जो अब उड़ीसा में रहने लगा है, के द्वारा बताए हुए पते पर पहुंचाना था। इस गैंग के अन्य सदस्यों की भी खोज हो रही है।