इलाहाबाद। क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन बुकिंग कर सामान मंगाने के बाद डिलेवरी मैन को लूटने वाले गिरोह के दो अपराधियों को औद्योगिक क्षेत्र मे्ं गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन तथा अवैध हथियार बरामद किया गया है। उनका तीसरा साथी नैनी जेल में बंद है।
औद्योगिक क्षेत्र इलाके में पिछले दिनों ऑनलाइन शापिंग कंपनी के कई डिलेवरी मैन से लूटपाट की घटनाओं के चलते क्राइम ब्रांच प्रभारी जेपी राय सोमवार सुबह लुटेरों की तलाश में आईटीआई के पास मौजूद थे। तभी मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच ने पुलिस के साथ घेरकर दो लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया। पकड़े गए लुटेरों में औद्योगिक क्षेत्र में चकिया महुआरी गांव निवासी नीरज सिंह और सीपक सिंह है। उनका तीसरा साथी प्रशांत सिंह उर्फ गोलू दिन पहले ही धोखाधड़ी केस में नैनी जेल में बंद है।
इन दोनों ने अमेजन, फ्लिपकार्ट समेत कई ऑनलाइन शापिंग कंपनियों से सामान बुक कराया। फिर सामान पहुंचाने के लिए फोन करने वाले डिलेवरी मैन को सुनसान में बुलाकर उनके सारे सामान, नगदी, मोबाइल फोन लूट लिए। इस तरह से वे कई डिलेवरी मैन को लूट कर पैसे नशे में उड़ा चुके थे। इनमें सीपक सिंह कुछ साल पहले कत्ल के मामले में जेल भेजा गया था। गिरफ्तारी में क्राइम ब्रांच प्रभारी जेपी राय, उपनिरीक्षक नागेश सिंह, एचसीपी जीतेंद्र पाल सिंह, अवधेंद्र तिवारी, पवन सिंह, रविसेन सिंह, अवनीश, अभय सिंह, दीपक सिंह, विनय राय आदि शामिल रहे।