इलाहाबाद। धूमनगंज थाना क्षेत्र के जयरामपुर पटपर में रेलवे के टीटीई सुब्रतो रॉय के घर चोर घुस गए। जेवर और नगदी समेटकर चोर भागने की फिराक में थे तभी खटपट सुनकर पड़ोसी की नींद खुल गई। उन्होंने पुलिस को खबर दे दी। चोर मोहल्ले से निकल पाते, उससे पहले ईगल बाइक मौके पर पहुंच गई। सिपाही सुभाष यादव जान की परवाह किए बगैर बदमाशों के पीछे पैदल ही दौड़ पड़ा। वह ऊंची दीवार फांदने की कोशिश में गिर पड़ा। बदमाशों के साथ उसके धक्कामुक्की की बात भी सामने आ रही है। उसके गिरने के बाद चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।
सुब्रतो रॉय पूरे परिवार के साथ दिल्ली गए हैं। उनके घर से चोर रात 2.30 बजे के आसपास निकलते देखे गए थे। चोरों की संख्या चार बताई जा रही है। सुबह सुब्रतो के साले संदीप दास ने चोरी की एफआईआर दर्ज करवा दी। चोर घर में ताला तोड़कर घुसे थे। निशाना सिर्फ सुब्रतो के कमरे को बनाया गया जिसमें जेवर और नगदी रखे थे। चोरी गए जेवरात की कीमत का सही-सही आकलन नहीं हो सका है। राजरूपपुर चौकी प्रभारी एके सिंह ने बताया कि सुब्रतो के पहुंचने के बाद ही यह पता लग सकेगा कि क्या-क्या सामान चोरी गया। उनके बृहस्पतिवार देर रात तक पहुंचने की उम्मीद है। चौकी प्रभारी ने बताया कि चोरों के बारे में पुख्ता जानकारी मिल गई है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।