झूंसी से बमरौली में अपने ननिहाल आए 12 साल के आकाश को बुधवार सुबह ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। उसकी वहीं मौत हो गई। ड्राइवर ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। गुस्साए लोगों ने जाम लगाकर पथराव किया तो पुलिस वहां पहुंची और लोगों को किसी तरह मनाकर शांत कराया। लोगों को पुलिस ने यह भरोसा देकर मनाया कि ड्राइवर को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा, साथ ही शासन से मुआवजा दिलाने की भी संस्तुति की जाएगी।
झूंसी के उस्तापुर महमूदाबाद निवासी संजय प्रसाद प्रजापति की पत्नी सावित्री देवी दो दिन पहले बेटे आकाश (12) के साथ बमरौली के लाल बिहारा मुहल्ले में अपने मायके पहुंची थी। ननिहाल में बुधवार सुबह आकाश खेलने निकल गया। वह घर के पास साइकिल चला रहा था तभी वहां से बालू लादकर गुजरे ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। बालक की वहीं मौत हो गई। आसपास मौजूद लोग उधर दौड़े तो ड्राइवर ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। पता चला तो आकाश की मां सावित्री समेत ननिहाल के सभी लोग आ गए। आकाश तीन भाइयों में मंझला था। वह कक्षा दो में पढाई करता था। बेटे का शव देख मां रोने-कलपने लगी तो गमगीन हुए लोगों ने जाम लगा दिया। गुस्साए लोगों ने पथराव भी किया। ट्रैक्टर पर ईंट-पत्थर फेंके गए। बखेड़ा होने की खबर पाकर धूमनगंज थाने की पुलिस वहां पहुंची तो लोगों ने घेरकर चीख-पुकार की। पुलिस ने आक्रोशित लोगों से बात की और उन्हें समझाया कि बच्चे की मौत के दोषी ड्राइवर को गिरफ्तार किया जाएगा। एक पुलिस टीम उसे दबोचने के लिए भेज दी गई है। पुलिस के मनाने पर लोग शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने आकाश का शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा तो भीड़ वहां से हट गई।