सिविल लाइंस इलाके में बृहस्पतिवार शाम धोबी घाट पेट्रोल पंप के निकट फायरिंग से खलबली मच गई। रेस्टोरेंट के बाहर और गली में गोलियां चलाकर बाइक पर युवक भागने लगे तो वहां से गुजर रहे मऊआइमा के थानेदार ने जीप से पीछा किया लेकिन उन्हें पकड़ा नहीं जा सका। खबर पाकर सिविल लाइंस पुलिस फोर्स वहां पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से बात की लेकिन फायरिंग करने वाले युवकों का पता नहीं चल सका। पुलिस ने एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो बाइक सवार तीन युवक गोलियां चलाकर भागते दिखे। पुलिस छानबीन कर रही है।
शाम करीब पांच बजे का वाकया है। धोबी घाट चौराहे के निकट गली में पावर बाइक पर तीन युवक आए और एक रेस्टोरेंट के बाहर तीन फायर किए। रेस्टोरेंट के पास खड़ा एक युवक भागकर गली में छिपा तो उस पर दो और फायर किए। फिर रेस्टोरेंट से आगे बढ़कर चौराहे के पास एक गोली चलाई। होमगार्ड जवान दौड़कर उधर आया तो बाइक सवार युवक धोबी घाट चौराहा पारकर बीएचस स्कूल की तरफ भागे। वहां से गुजर रहे मऊआइमा थाना प्रभारी को पता चला तो उन्होंने बाइक सवार युवकों का पीछा किया लेकिन वे महाराणा प्रताप चौराहे की तरफ भाग गए। उधर, फायरिंग के बाद रेस्टोरेंट के बाहर भीड़ लग गई। सिविल लाइंस थाना प्रभारी महेश पांडेय ने भी आकर वहां मौजूद लोगों से बात की लेकिन कोई हमलावरों के बारे में नहीं बता सका। रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी फुटेज में फायरिंग कर तीन युवक पावर बाइक पर जाते नजर आए हैं।
पुलिस को भले ही फायरिंग के पीछे का कारण नहीं मालूम हो सका लेकिन मौके पर मौजूद युवकों से बातचीत में पता चला कि यह एक फूल दो माली यानी एक लड़की और उसके दो ब्वायफ्रेंड में टशन का मामला है। दरअसल, रेस्टोरेंट में बैठे एक लड़के को किसी ने फोन से बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड हॉट स्टफ चौराहा के पास किसी दूसरे लड़के के साथ है। वह फौरन रेस्टोरेंट से निकला और हॉट स्टफ चौराहे पर जाकर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मौजूद युवक को अपशब्द कहते हुए थप्पड़ जड़ दिए। गर्लफ्रेंड को भी झिड़ककर वह वापस धोबी घाट के पास गली में उसी रेस्टोरेंट में लौट गया। थप्पड़ जड़ने से भन्नाए लड़के ने ही अपने दो साथियों संग आकर रेस्टोरेंट के बाहर खड़े युवक पर फायरिंग की और भाग गया।