धूमनगंज में सोमवार शाम कांशी राम कॉलोनी के सामने बाइक सवार बदमाशों ने एक निजी कंपनी के एजेंट से सवा तीन लाख रुपये से भरा बैग छीनकर भाग निकले। घटना के करीब दो घंटे बाद भुक्तभोगी एजेंट ने धूमनगंज थाने पहुंचकर अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर आसपास के लोगों से पूछताछ की लेकिन बदमाशों के बारे में कुछ पता नहीं चला।
बुलआघाट का मनीष श्रीवास्तव राजलक्ष्मी फाइनेंस कंपनी में एजेंट है। वह कैश कलेक्शन का काम करता है। सोमवार को वह बाइक से धूमनगंज इलाके में वसूली करने गया था। शाम लगभग चार बजे बकाया वसूली में मिले करीब सवा तीन लाख रुपये एक बैग में रखकर घर लौट रहा था। मनीष के मुताबिक वह कानपुर रोड पर कांशी राम कॉलोनी के पास पहुंचा था तभी दो पल्सर बाइक पर सवार चार बदमाश आए। बदमाशों ने चलती बाइक से ही उसका बैग झपट्टा मारकर छीना फिर धूमनगंज की ओर भाग निकले। छिनैती की घटना के बाद मनीष सहम गया। उसने ऑफिस के लोगों को सूचना दी और इसके बाद धूमनगंज थाने पहुंचा। पुलिस ने मनीष की तहरीर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मनीष का क हना है कि बैग में सवा तीन लाख रुपये और तीस हजार का कार्ड था। इंस्पेक्टर धूमनगंज के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। उनका कहना है कि घटना के दो घंटे बाद मनीष थाने सूचना देने आया। फिलहाल मुकदमा लिखकर छानबीन की जा रही है।