तेलियरगंज इलाके में पेट्रोल पंप कर्मचारी से सवा तीन लाख लूट की घटना शिवकुटी पुलिस के लिए पहेली बनी हुई थी कि रविवार रात लूट की एक और वारदात होे गई। कर्जन पुल पर रविवार रात बाइक सवार बदमाश बीमा एजेंट की कनपटी पर तमंचा सटाकर नगदी, बाइक और मोबाइल लूटकर भाग निकले। बदमाशों भागने के बाद भुक्तभोगी ने पैदल जाकर चौराहे पर तैनात सिपाहियों को घटना की जानकारी दी। लूट की सूचना पाकर फोर्स के साथ एसओ शिवकुटी पहुंचे। छानबीन के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
फाफामऊ में शांतिपुरम के रहने वाले राजनारायण सिंह एक निजी बीमा कंपनी में एजेंट हैं। वह रविवार रात बाइक से कर्जन पुल के रास्ते तेलियरगंज जा रहे थे। पुल पर सन्नाटा और अंधेरा था। इसका फायदा उठाकर एक बाइक से आए तीन बदमाशों ने राजनारायण सिंह घेरकर रोक लिया। राजनारायण के रुकते ही बदमाशों में से एक ने उनकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। इससे राजनारायण दहशत में आ गए। बदमाश उनकी बाइक, डेढ़ लाख रुपये नगद और मोबाइल लूटक र भाग निकले। लूट क ी घटना के बाद राजनारायण को कुछ सूझ ही नहीं रहा था कि वह क्या करें। उनके पास मोबाइल भी नहीं था कि वह पुलिस को सूचना दे सकें। पैदल ही चलकर तेलियरगंज चौराहे पर तैनात सिपाहियों के पास पहुंचे और घटना की जानकारी दी। खबर मिलने के बाद एसओ शिवकुटी अरविंद त्रिवेदी, एसआई विजय विक्रम मौके पर पहुंचे। पूछताछ के बाद पुलिस ने घेरेबंदी की लेकिन बदमाशों को सुराग नहीं मिला। एसओ शिवकुटी अरविंद त्रिवेदी के मुताबिक डेढ़ लाख नहीं बल्कि 15 हजार रुपये नगद, मोबाइल और बाइक लूटा गया है। 22 हजार रुपये तो अभिकर्ता की जेब में मिले हैं। रिपोर्ट लिखकर छानबीन की जा रही है।