मऊआइमा इलाके में रेप के 23 रोज बाद सात वर्षीय पीड़ित बालिका को रात में सोते वक्त घर के सामने चारपाई से उठाकर हत्या की घटना में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें नैनी जेल भेज दिया गया है। हालांकि इन तीनों ने अपना गुनाह नहीं कुबूला। खुद पुलिस कह रही है कि मंगलवार रात घटना के बाद से गायब चौथा आरोपी पकड़ में आए तो शायद खुलासा हो सके।
सात साल की बालिका से पांच जून की शाम 14 साल के पड़ोसी लड़के ने पशुशाला में रेप किया था। 27 जून को पुलिस ने रिपोर्ट लिखकर आरोपी को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेजा साथ ही बालिका को भी मेडिकल टेस्ट की खातिर शहर में डफरिन अस्पताल ले जाया गया। कुछ और टेस्ट बाकी थे मगर मंगलवार को शाम हो जाने पर बालिका को उसकी मां अपने साथ घर ले गई। उसी रात चारपाई से उठाकर चरी के खेत में बालिका की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई। घटना में बालिका की मां की तहरीर पर आरोपी लड़के पिता संतलाल और तीन चाचा समेत पांच लोगों पर केस लिखा गया। पुलिस ने एक चाचा कन्हैयालाल को घटना के दूसरे रोज पकड़ लिया था।
बसंतलाल और संतलाल को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हालंकि इन तीनों ने खुद को घटना से अनभिज्ञ बताया और कहा कि उनका भाई सोहनलाल घटना वाली रात साथ भोजन के बाद से लापता है। दूसरे रोज फोन पर उनकी बात हुई थी मगर फिर उसका कुछ पता नहीं चल सका है। ऐसे में पुलिस कह रही है कि सोहनलाल के पकड़े जाने पर इस हत्या में कुछ खुलासा हो सकता है। वह आरोपी का चाचा है लेकिन बाकी तीन आरोपियों को बिना सुबूत गिरफ्तार कर जेल भेजने पर सवाल उठे हैं।