शिवकुटी के तेलियरंगज स्थित कार सर्विस सेंटर में पुलिस विभाग के एक सिपाही ने सरेआम गुंडई दिखाई। पुराने विवाद में उसने गोविंदपुर निवासी एक युवक को निशाना बनाकर फायर झोंक दिया। युवक हमले में बाल-बाल बच गया। इसके बाद आरोपी सिपाही भाग निकला। भुक्तभोगी की तहरीर पर हत्या के प्रयास के आरोप में रिपोर्ट दर्ज पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
तेलियरगंज में पेट्रोलपंप के पास ग्रीनलैंड मोटर सर्विस सेंटर स्थित है। यहां कार की सर्विसिंग, रिपेयरिंग का काम होता है। रविवार सुबह 11.30 बजे की घटना है। गोविंदपुर निवासी जिम संचालक गुड्डू अहमद यहां अपनी कार बनवाने आया था। आरोप है कि इसी दौरान वहां सलोरी निवासी रमेश तिवारी पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, रमेश पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर तैनात है। गुड्डू का आरोप है कि वह काउंटर के पास बैठा था कि तभी रमेश वहां पहुंचकर उसे गालियां देने लगा। कोई कुछ समझ पाता, इससे पहले ही उसने कमर में लगी रिवॉल्वर निकालकर गुड्डू पर फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि निशाना चूक गया और गुड्डू हमले में बाल-बाल बच गया। अचानक फायरिंग से कर्मचारियों और ग्राहकों में भगदड़ मच गई। तब तक मौका पाकर आरोपी भाग निकला। पूरी घटना की तस्वीरें सर्विस सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं। सूचना पर पुलिस पहुंची और सीसीटीवी फुटेज देखी। इसके भुक्तभोगी गुड्डू की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सिपाही के खिलाफ हत्या के प्रयास और धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली। प्रभारी शिवकुटी थाना घनश्याम निषाद ने बताया कि सलोरी स्थित घर पर दबिश दी गई लेकिन आरोपी नहीं मिला। उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, दबिश के दौरान आरोपी के घर पर उसकी पत्नी मिली। उसने बताया कि रमेश पुलिस मुख्यालय में तैनात है। जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला है कि कुछ समय पहले तक वह एसटीएफ में भी तैनात था। उधर भुक्तभोगी गुड्डू ने बताया कि सर्विस सेंटर में ही उसकी कुछ समय पहले रमेश से जान-पहचान हुई थी। कुछ दिनों पहले रमेश ने उससे कार मांगी। हालांकि बुकिंग में होने के कारण उसने असमर्थता जता दी। इसके बाद से ही रमेश उससे खुन्नस रखने लगा था। आरोप है कि इसी खुन्नस में उसने इस घटना को अंजाम दिया।