मीडिया से बातचीत करते सपा नेता अतीक अहमद
- फोटो : अमर उजाला, कानपुर
जिला न्यायालय में इन दिनों अभियोजन के अधिकारी अतीक अहमद के खिलाफ चल रहे मुकदमों को खंगालने में जुटे हैं। जिन मुकदमों में अतीक जमानत पर हैं, उनमें जमानत निरस्त करने की अर्जी दी जा रही है। हाईकोर्ट के कड़े रुख के बाद अभियोजन ने बुधवार को भी पांच मुकदमों में जमानत निरस्त कराने की अर्जी दाखिल कर दी है।
बुधवार को जिला शासकीय अधिवक्ता की ओर से धूमनगंज थाने के दो, कर्नलगंज थाने के दो और करेली थाने के एक विचाराधीन मुकदमे में अतीक अहमद की जमानत निरस्त करने की अर्जी जिला जज की कोर्ट में दाखिल की गई है। जिला जज ने डीजीसी राम अभिलाष को सुनकर अभियुक्त को नोटिस जारी किया है। मामले की सुनवाई तीन अप्रैल को होगी।
अभियोजन की ओर से न्यायालय में अतीक के खिलाफ चल रहे मुकदमों को खोजने में लगी है। मुकदमों की पत्रावलियों में यह देखा जा रहा है कि कितने मुकदमों में जमानत हुई है और मुकदमे किन कारणों से लंबित हैं। किन मुकदमों में चार्ज नहीं बना है और कितने सत्र न्यायालय में सुनवाई के लिए भेजा जाना है। सभी मुकदमों के विवरण का खाका तैयार करने में अभियोेजन लगा है।
उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट ने अतीक के मुकदमों की डिटेल मांगी है। मुकदमों में सह अभियुक्तों के नाम, गवाहों के नाम के अलावा उनके निस्तारण मेें हो रही देरी की वजह भी बताने को कहा है। कोर्ट में जवाब दाखिल करने के लिए अभियोजन जल्दी से जल्दी मुकदमों की डिटेल जुटा रहा है।