इलाहाबाद (ब्यूरो)। छात्रनेता मनीष जायसवाल हत्याकांड को लेकर छात्रों का आक्रोश थम नहीं रहा है। रविवार को सैकड़ों की संख्या में छात्रों ने नए यमुना पुल पर चक्काजाम कर दिया है। हाईवे पर जाम के चलते पुल के दोनों सैकड़ों वाहनों की कतार लग गई। कीडगंज पुलिस ने हंगामा कर रहे छात्रों को समझाकर हटाना चाहा तो छात्र उग्र होकर नारेबाजी और बवाल करने लगे। पुलिस को बैकफुट पर आना पड़ा। हंगामे की सूचना के बाद कई थानों की फोर्स के साथ सीओ बैरहना पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज कर दिया। छात्रों को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, जिसके चलते भगदड़ मच गई। पुलिस ने 16 को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर जेल भेज दिया है।
छात्रनेता मनीष जायसवाल पर शुक्रवार रात पड़ोसी मकान मालिक की छत से सिलेंडर फेंक दिया था, जिसकी चपेट में आकर मनीष और वीरू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान मनीष की मौत हो गई थी। इससे के बाद छात्रों का गुस्सा सड़क पर आ गया था। शनिवार को भी छात्रों ने एडीसी के सामने विरोध प्रदर्शन और चक्काजाम किया था। रविवार सुबह एक बार फिर सैकड़ों की संख्या में छात्र नए पुल पर जमा हो गए और सड़क जाम कर दी। छात्रों की मांग थी कि घटना के समय चार सिपाही मौजूद थे।
वे घटना के बाद भाग निकले थे। उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। साथ ही चार आरोपियों में एक आरोपी अभी भी फरार है। उसे भी गिरफ्तार किया जाए। सूचना पर एसओ कीडगंज पहुंचे। छात्रों को जाम हटाने को कहा तो उनसे तीखी नोंकझोंक हुई। सूचना पर सीओ लालप्रताप सिंह, एसओ मुट्ठीगंज, अतरसुईया, जार्जटाउन और एसओ दारागंज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज कर दौड़ा लिया।
पुलिस ने 16 छात्रों विजय मिश्र, रामाआशीष यादव, सुंदरम मिश्र, राघवेंद्र सिंह, महेंद्र कुमार, अंकित द्विवेदी, भरत पाठक, प्रिंसू सिंह, लाला सिंह, अजय कुमार, संजय कुमार, पंकज दुबे, मनोज पांडेय और राहुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ बैरहना लाल प्रताप सिंह ने बताया कि चक्काजाम और हंगामा करने वाले छात्रों के खिलाफ एसओ वेद प्रकाश मिश्र की तहरीर पर मुकदमा लिखा गया है। छात्रनेता तेजस जायसवाल ने कहा कि पुलिस की इस कार्रवाई के खिलाफ सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे।