बदमाशों ने लगातार दूसरी रात शहर में वारदात कर डाली। अपनी मां के निधन पर परिवार सहित प्रतापगढ़ गए पीडब्लूडी के एक कर्मचारी के जगमल हाता चकिया स्थित सूने घर में घुसकर तीन आलमारियों के लॉक तोड़े और नगदी-गहनों समेत तीन लाख रुपये का माल पार कर दिया। उधर, धूमनगंज के भोला का पूरा में भी बदमाशों ने हर्बल शॉप का ताला तोड़कर कंप्यूटर और नगदी समेत काफी सामान चुरा लिया। पुलिस ने दोनों घटना में निरीक्षण किया मगर चोर नहीं मिले।
पीडब्लूडी में स्टेनो पद पर कार्यरत रमेश प्रताप सिंह परिवार सहित चकिया के निकट जगमल हाता मुहल्ले में रहते हैं। मां का निधन होने पर वह कुछ दिन पहले परिवार सहित प्रतापगढ़ में अपने पैतृक निवास चले गए थे। यहां उनके घर में ताला लगा था। शनिवार सुबह पड़ोसी ने उन्हें फोन से खबर दी कि गेट के बाद वाले दरवाजा का ताला टूटा पड़ा है। रमेश परिवार सहित घर आए तो चोरी का पता चला। मेन गेट फांदकर घुसे बदमाशों ने दरवाजे का ताला तोड़ने के बाद मकान के छह कमरों को खंगाल डाला। तीन आलमारियो के लॉक तोड़कर बदमाशों ने छह हजार रुपये नगद और ढाई लाख रुपये के गहनों के अलावा कुछ कीमती सामान बटोर लिए।
दीवान भी खंगाला था। फर्श पर कपडे़ और दूसरे सामान बिखरे थे। खबर पाकर खुल्दाबाद सब्जी मंडी चौकी प्रभारी रवींद्र यादव मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम बुलाकर छानबीन की। उधर, धूमनगंज के भोला का पूरा में भी चोरों ने शुक्रवार रात कुशवाहा मार्केट में डॉ.राजेश कुशवाहा की हर्ष हर्बल सेंटर में हाथ मार दिया। ताला तोड़कर बदमाशों ने हर्बल सेंटर से कंप्यूटर, नगदी समेत करीब एक लाख रुपये की चोरी। धूमनगंज पुलिस ने मौके पर छानबीन की पर कोई सुराग नहीं मिला।