करेली के गंगागंज इलाके में दबंगों ने रविवार रात घर में घुसकर बिना पिता की लड़कियों को पीट दिया। शिकायत पर करेली पुलिस पहुंची। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। लड़कियों का आरोप है कि घर के बाहर बैठकर अड्डेबाजी और अश्लील टिप्पणी करने की शिकायत कंट्रोल रूम से करने पर दबंगों ने मारा-पीटा। पीड़ित पक्ष के आरोपों से इतर पुलिस का कहना है मामला जमीन के विवाद का है। उसके अनुसार छेड़खानी की बात गलत है।
गंगागंज इलाके में तीन सगी बहनों के पिता की मौत हो चुकी है। रविवार को रात लगभग आठ बजे वे घर में थीं। आरोप है कि उनके घर के बाहर मोहल्ले के तीन-चार दबंग किस्म के युवक अड्डेबाजी करते हैं घर से निकलने पर छेड़खानी करते हैं।
कई बार यह सब सहने के बाद जब लड़कियों के सब्र का बांध टूट गया तो उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस कंट्रोल रूम से की। इससे नाराज शोहदों ने घर में घुसकर बदसलूकी करते हुए उनसे मारपीट की। सूचना पर करेली पुलिस पहुंची। दोनों पक्षों को थाने ले गई। छेड़खानी की बात दरकिनार करते हुए पुलिस का कहना है कि एक जमीन के विवाद में दोनों पक्षों ने मारपीट की है। छेड़खानी का रूप देकर मामले को तूल देने का प्रयास किया गया है। सीओ प्रथम रूपेश सिंह ने बताया कि जमीन के झगड़े में मारपीट की बात सामने आई है। रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।