यमुनापार के मांडा इलाके में शुक्रवार सुबह घर के बाहर खेल रही चार साल की बच्ची को बाइक सवार युवक उठा ले गया। कुछ दूर सुनसान बाग में ले जाकर आरोपी ने बच्ची के साथ दुराचार का प्रयास किया। बच्ची को गायब देख घरवाले खोजते हुए बाग की ओर गए। लोगों को आता देख आरोपी बाइक समेत अन्य सामान छोड़कर भागा निकला। सूचना पर मांडा पुलिस पहुंची। पुलिस बाइक के आधार पर आरोपी की तलाश में लगी है। वहीं घटना से गांव के लोगों में खासा आक्रोश है।
मांडा के एक गांव का एक युवक अपने पैतृक घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे मकान बनवा रहा है। शुक्रवार सुबह परिवार के लोग मकान की देखभाल करने गए थे। वे लोग अपने साथ चार वर्षीय मासूम पिंकी (बदला नाम) को भी ले गए थे। बच्ची घर के बाहर खेल रही थी और परिवार के लोग काम में व्यस्त थे। सुबह लगभग दस बजे एक युवक बाइक से आया और बच्ची को अपने साथ उठा ले गया। जब परिवार के लोग बच्ची को मकान के बाहर नहीं पाए तो उसकी खोज शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि बच्ची को एक युवक बाइक पर बैठाकर मसौली गांव की ओर ले जाता दिखा है।
परिवार के लोग ग्रामीणों के साथ बच्ची को खोजने लगे। कुछ लोगों ने बताया कि बच्ची बाग में रो रही है। घरवाले और ग्रामीण वहां गए तो देखा कि युवक बच्ची के साथ अश्लील हरकत कर रहा है। लोगों की माने तो बदनीयत युवक मासूम बच्ची के साथ दुराचार का प्रयास कर रहा था। ग्रामीणों को आता देख आरोपी युवक बाइक, शर्ट, गमछा और पर्स छोड़कर भाग निकला। पर्स में से मोबाइल सिम, कुछ कागजात और कई फोटो मिले हैं, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो पायी है। ग्रामीणों ने बताया कि उसके सिर में चोट लगने के कारण उसने पट्टी बांध रखी थी। तहरीर लेकर पुलिस युवक की पहचान करने में जुट गयी है। बाइक व अन्य सामान थाने में जमा कर दिया गया है।