गंगापार के थरवई थाना क्षेत्र के रूदापुर गांव में काश्तकार ने अपने नौकर को पीट पीटकर अधमरा कर दिया। उसकी खता बस इतनी थी कि वह मालिक के पास देर से आया था। आरोप है कि उसे लाठी डंडों से मारा गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है जिससे ग्रामीणों में रोष है।
थरवई क्षेत्र के रूदापुर गांव शेरू चौहान (18) पुत्र राम किशुन चौहान गांव के ही कृष्ण चन्द्र तिवारी के यहां खेती एवं घर का काम करता था। सोमवार की रात वह काफी देर से मालिक के घर पहुंचा। गाय को चारा देने में देरी की बात पर कृष्ण चंद्र तिवारी के चचेरे भाई अनिल उर्फ सामू तिवारी ने उसे डंडे से पीटना शुरू कर दिया। जब तक लोग शेरू को छुड़ाते वह काफी घायल हो गया था। शेरू के घर वालों ने सुना तो भागते हुए मौके पर पहुंच गए। उसे तुरंत फूलपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां रात में दो बजे शेरू की मौत हो गई। गांव में कोहराम मच गया। रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी सामू तिवारी को लेकर गांव में काफी गुस्सा था। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बाद में शेरू की मां की तहरीर पर सामू तिवारी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और गाली गलौज की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। इससे ग्रामीणों में रोष है। इंस्पेक्टर थरवई का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने पूछताछ में बताया कि देर से आने की बात पर उसने शेरू को चांटे मारे थे, डंडे से नहीं मारा था। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। शेरू चार भाई और एक बहन में दूसरे नंबर का था।