रेड एफएम की आरजे निधि से सिविल लाइंस में सरेराह छेड़खानी के बारे में अमर उजाला में प्रमुखता से छपी खबरों का असर हो रहा है। डीजीपी जावीद अहमद ने शनिवार को ट्वीट कर जानकारी दी कि उन्होंने इलाहाबाद पुलिस को इस घटना में तेजी से कार्रवाई का आदेश दिया है। पुलिस मुखिया की हिदायत के बाद यहां पुलिस की सक्रियता में तेजी आई है। पुलिस संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के साथ ही उनकी फोटो खींच रही है ताकि आरजे निधि को दिखाकर पहचान कराई जा सके। कई और कैमरों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
आरजे निधि ने मंगलवार रात घर जाते वक्त पत्थर गिरजाघर के पास अश्लील शब्द बोलकर छेड़खानी करने वाले बाइक सवार तीन लड़कों को खदेड़ा था मगर इस घटना से परेशान होकर नौकरी छोड़ने का फैसला कर लिया। अमर उजाला में यह खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने पर सैकडों लोगों ने निधि को फेसबुक पेज पर कमेंट, फोन और मैसेज के जरिए साहस दिखाने के लिए शाबासी दी और नौकरी नहीं छोड़ने का आग्रह किया।
निधि ने भी साफ किया कि वह डरती नहीं और काम करती रहेंगी। निधि के साथ हुए वाकये के बारे में अमर उजाला में दो दिन तक प्रमुखता से छपी खबरों को डीजीपी यूपी जावीद अहमद ने गंभीरता से लेते हुए शनिवार दिन में ग्यारह बजे ट्वीट किया। डीजीपी ने लिखा कि इलाहाबाद की आरजे निधि की घटना पुलिस के लिए चुनौती है। हम इलाहाबाद को लड़कियों के लिए सुरक्षित बनाएंगे। लड़कियों से इस बाबत सुझाव भी लिया जाएगा। डीजीपी ने ट्वीट के जरिए सलाह दी है कि छेड़खानी जैसी घटना में फौरन पुलिस की मदद हासिल करने के लिए 1090 पर फोन से शिकायत की जाए।