दारागंज में मंगलवार की रात एक युवक की नृशंस हत्या कर दी गई। कातिलों ने उसके सिर पर वजनी चीज से प्रहार कर उसे मार डाला फिर शव जलाने का प्रयास किया। बुधवार की सुबह प्रयाग घाट स्टेशन के पास उसका शव मिला तो हड़कंप मच गया। शिनाख्त होने के बाद घर वालों को सूचित किया गया। घर वालों ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक बहन के ससुराल वालों से उसका विवाद चल रहा था। वही शक के दायरे में हैं।
दारागंज थाना क्षेत्र स्थित कच्ची सड़क निवासी रितेश कुमार उर्फ रिक्की (26) पुत्र स्व. बब्बन मंगलवार की शाम घर वालों से कुछ देर में लौट आने की बात कहकर निकला था। वह नशे का आदी था और अक्सर देर रात घर पहुंचता था। इस कारण घर वालों ने ध्यान नहीं दिया। बुधवार की सुबह दारागंज के प्रयाग घाट स्टेशन के पास रिक्की का शव मिला। आसपास की भीड़ ने पुलिस को सूचना दी। उसके पास से मिलने आईडी से उसकी पहचान हुई तो घर वालों को सूचना दी गई। रिक्की के सिर पर किसी वजनी चीज से प्रहार कर उसे मारा गया था। हत्या के बाद शव जलाने का भी प्रयास किया गया था। फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर जाकर फिंगर प्रिंट समेत अन्य सुबूत लिए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शव के कुछ दूर ही रिक्की की बाइक भी मिल गई।
सीओ दारागंज शिवराज सिंह ने बताया कि रिक्की के घरवालों ने किसी को नामजद नहीं किया है। रिक्की की बहन ने पड़ोस में ही लव मैरिज की थी। उसी के ससुराल वालों से रिक्की का विवाद चल रहा था। घर वालों ने उन्हीं पर शक जताया है। उनकी खोजबीन की जा रही है। इसके अलावा पुलिस आशनाई का एंगल भी देख रही है। पता चला है कि वह एक बार जेल भी जा चुका है। वह मामला भी ढूंढा जा रहा है। रिक्की के मोबाइल काल डीटेल्स खंगाली जा रही है। कॉल डीटेल्स से भी कुछ जानकारी मिली है। जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
रिक्की के पिता बब्बन की दो साल पहले मौत हो गई थी। उनकी जगह पर मां शकुंतला को नगर निगम में नौकरी मिली थी। रिक्की भले ही 26 साल का हो गया था लेकिन मां की तनख्वाह से ही घर का खर्च चलता था। बुधवार को जब शकुंतला ने बेटा का शव देखा तो बेसुध हो गई। उसके आंसू नहीं रुक रहे थे।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के धोबीघाट के पास बुधवार को एक युवक की लाश पेड़ से लटकती मिली। युवक का शव बेल्ट से लटका हुआ था। सुबह लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। उसकी जेब में मिले आधार कार्ड से पहचान की गई है। राजापुर के एएन मुखर्जी मार्ग पर रानी रेवती देवी इंटर कॉलेज और धोबीघाट के बीच नाले से सटे चिलबिल के पेड़ से एक युवक का शव लटकता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटना स्थल के पास सागरपेशा के कई परिवार रहते हैं। इसके बाद पूरा इलाका वीआईपी है। पास में ही हाईकोर्ट के एक जज का घर है। स्थानीय लोगों के मुताबिक मंगलवार की रात करीब 12 बजे तक घटना स्थल पर कोई भी लाश नहीं देखी गई। प्रारंभिक जांच पड़ताल में शव के पास से एक पर्स मिला। पर्स में रखे आधार कार्ड सहित कई अन्य कागजाताें से युवक की पहचान बिहार के दरभंगा निवासी पवन पासवान के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि उसके पास दिल्ली की एक कंपनी का कार्ड भी है, जिससे पता चल रहा है कि वह वहीं काम करता था। यहां कैसे आया, इस बात की जानकारी नहीं हो पाई है। बिहार के दरभंगा पुलिस को सूचना दी गई है।