इलाहाबाद। सलोरी के काटजू बाग मोहल्ले में स्थित चौबे लॉज में बृहस्पतिवार देररात बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने ताबड़तोड़ बमबाजी और तोड़फोड़ करने के बाद भाग निकले। सूचना पर सीओ और इंस्पेक्टर कर्नलगंज मौके पर पहुंची। पुलिस लॉज में रहने वाले लड़कों से पूछताछ कर लौट आई।
कर्नलगंज के काटजू बाग मोहल्ले में स्थित चौबे लॉज में प्रतियोगी छात्र रहते हैं। रात लगभग 11 बजे सात-आठ बाइक से दर्जन भर युवक पहुंचे। वे सीधे लॉज के कमरों में घुस गए । छात्रों से मारपीट और गालीगलौज की। इतना ही छात्रों के सामान को उठाकर बाहर फेंक कर तोड़फोड़ की। जब तक आसपास के लॉज के लड़के एकजुट होते हमलावर लॉज के बाहर ताबड़तोड़ बमबाजी कर भाग निकले। चर्चा है कि छात्रसंघ चुनाव की रंजिश में लॉज में हमला बोला गया है। सूचना पर इंस्पेक्टर कर्नलगंज और सीओ मौके पर पहुंचे। सीओ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि लॉज में बमबाजी की सूचना पर पुलिस गई थी। वहां रहने वाले लड़कों से पूछताछ कर हमलावरों की तलाश की जा रही है।