धूमनगंज में पोंगहट पुल के पास हुए सड़क हादसे में शुक्रवार को शिक्षिका की मौत हो गई। वह बेटे संग स्कूटी से जा रहीं थी कि तभी डिवाइडर से टकराकर उनकी स्कूटी अनियंत्रित हो गई और सड़क पर गिरी शिक्षिका को ट्रक ने कुचल दिया। उन्हें मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी सांसें थम गईं। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
आरती शर्मा(38) धूमनगंज के अल्काविहार कॉलोनी में रहती थीं। वह तेलियरगंज स्थित महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर स्कूल में पढ़ाती थीं। उनके पति राममूर्ति शर्मा नेवी से रिटायर हैं। शुक्रवार दोपहर में करीब 12 बजे वह बेटे आदित्य के साथ स्कूटी से पनीर खरीदने के लिए घर से निकलीं। अभी वह पोंगहट पुल के पास पहुंची थीं कि तभी दुकान पर जाने के लिए वह सड़क पार करने लगीं। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दिया। इससे स्कूटी अनियंत्रित हो गई और शिक्षिका सड़क पर नीचे गिर पड़ी। इसी दौरान ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया।
लोगों ने शोर मचाया लेकिन तब तक ट्रक लेकर चालक भाग चुका था। हादसे में बेटा बाल-बाल बच गया जबकि शिक्षिका गंभीर रूप से जख्मी हो गई थीं। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची। कुछ देर बाद जानकारी मिली तो पति राममूर्ति भी पहुंचे। आननफानन में शिक्षिका को मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया, हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से परिवार में कोहराम है। पति और बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर स्कूल में भी प्रधानाचार्य और अन्य शिक्षक घटना से सदमे में रहे। बताया कि जुलाई 2017 में आरती ने स्कूल में पढ़ाना शुरू किया था। बेहद मिलनसार स्वभाव की आरती छात्र-छात्राओं के बीच भी बेहद लोकप्रिय थीं।