सिविल लाइंस में सुभाष चौराहा के निकट मोबाइल सर्विस सेंटर में शुक्रवार दोपहर बैट्री बदलने को लेकर झड़प के बाद कस्टमर और उसके साथियों ने बखेड़ा कर दिया। उन लोगों ने पिस्टल निकालकर सर्विस सेंटर के कर्मचारियों को गोली मारने की कोशिश की और नाकाम रहने पर एक कर्मचारी के सिर पर मुठिया से वार कर दिया। कर्मचारियों ने घेरा तो भागने की हड़बड़ी में पिस्टल गिरी और वे निकलकर फरार हो गए। पिस्टल को सिविल लाइंस पुलिस के हवाले कर केस दर्ज कराया गया है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपी गई जिसमें झगड़े का दृश्य दिखाई दिए हैं।
माइक्रोमैक्स सर्विस सेंटर में शुक्रवार दोपहर करीब बारह बजे बहादुरगंज के आकाश मिश्रा ने आकर अपना मोबाइल जमा किया जिसकी बैट्री खराब थी। कर्मचारियों ने कहा कि बैट्री बदलने के लिए पैसे देने होंगे। इस पर आकाश बौखला गया। उसने कहासुनी कर ली और कहा कि मोबाइल अभी वारंटी पीरियड में है इसलिए पैसे नहीं देगा। कहासुनी के बाद वह सर्विस सेंटर से निकल गया। कुछ देर बाद वह दो साथियों संग लौटा और झड़प के बाद सर्विस सेंटर के सीओओ जय सिंह पर पिस्टल तान दी। जय सेंटर के भीतर भागा तो आकाश भी साथी संग अंदर गया। कर्मचारियों ने खदेड़ा तो वे बाहर भागे। इसी दौरान जय सिंह के सिर पर पिस्टल की मुठिया से वार कर दिया।
कर्मचारियों ने घेरा तो भागने के चक्कर में आकाश के साथी के हाथ से पिस्टल गिर गई। वे बाहर निकलकर भाग गए। सर्विस सेंटर संचालक मनोज कुमार लाल ने घायल कर्मचारी जय सिंह के साथ सिविल लाइंस थाने जाकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और लावारिस पिस्टल भी सौंपी। पिस्टल अवैध है। पुलिस को घटना की सीसीटीवी फुटेज भी दी। पुलिस ने आकाश के मोबाइल नंबर पर फोन किया तो उधर से बताया गया कि वह कानपुर से बोल रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।