घूरपुर (इलाहाबाद)। घूरपुर थाने से कुछ कदम की दूरी पर स्थित बस्ती में शनिवार देर रात ऑटो चालक ने अवैध संबंध के शक में पत्नी को किचेन में बंद कर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों से घिरी पत्नी ने शोर मचाया तो आठ साल का मासूम बेटा पहुंचा और कुंडी खोली तो वह चीखते हुए बाहर भागी। शोरगुल सुनकर बस्ती के लोगों की भीड़ जुट गई। महिला ने मायके वालों के साथ जाकर घूरपुर थाने में तहरीर दी।
लगभग पांच साल पहले घूरपुर थाने के समीप एक आटो चालक पत्नी के साथ आकर रहने लगा। उनके दो बच्चे भी हैं। ऑटो चालक पत्नी पर किसी से अवैध संबंध होने का शक करता था। अक्सर इस बात को लेकर उनके बीच झगड़ा होता रहता था। शनिवार रात वह घर पहुंचा तो पत्नी मोबाइल पर बात कर रही थी। यह देख वह भड़क गया। उनके बीच कहासुनी होने लगी। घंटेभर चले विवाद के बाद मामला किसी तरह सुलझा तो पत्नी किचेन में खाना निकालने के लिए चली गई। इसी बीच पति पहुंचा और बाहर से कुंडी बंद कर किचेन में खिड़की से मिट्टी का तेल उड़ेलकर आग लगा दी और घर से निकल गया।
आग की लपटों में घिरी महिला चीखी तो तो सो रहे आठ साल के बेटे की नींद खुली। मां को आग की लपटों से घिरा देख वह चीख पड़ा। कुंडी खोला तो बाहर निकलकर मां उसे लेकर बाहर भागी। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग आ गए। युवती ने अपने मायके खुल्दाबाद खबर दी तो वे पहुंचे। मायके वाले युवती को लेकर घूरपुर थाने पहुंचे और पति के खिलाफ तहरीर दी। एसओ घूरपुर के न होने के चलते अभी तक मामले की एफआईआर नहीं दर्ज हुई है। एसओ घूरपुर महेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि घरेलू विवाद में पति-पत्नी के बीच मारपीट हुई थी। तहरीर लेकर जांच की जा रही है।