इलाहाबाद। इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव से जुड़ी काली छाया से विवि अभी तक उबर नहीं पाया है। बृहस्पतिवार को छात्रसंघ चुनाव में निर्वाचन अधिकारी रहे प्रो. आरएस पांडेय को अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे एक छात्रनेता के समर्थकों ने कुछ जानकारी मांगी। जानकारी नहीं मिलने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस बारे में जानकारी मिलने पर चीफ प्रॉक्टर डॉ. एनके शुक्ला विज्ञान संकाय स्थित चुनाव अधिकारी के विभाग में पहुंचे। उनके वहां पहुंचने पर धमकी देने वाला कोई भी छात्र अथवा उसका समर्थक मौके पर नहीं मिला।
डॉ. एनकेशुक्ला ने बताया कि चुनाव अधिकारी ने उन्हें बताया कि अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे एक छात्रनेता ने जो जानकारी मांगी है, वह ग्रीवांश सेल एवं एडवाइजरी कमेटी के चेयरमैन देंगे। इन दिनों एडवाइजरी कमेटी के चेयरमैन के शहर से बाहर होने के कारण चुनाव से जुड़ी जानकारी देना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव अधिकारी की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद वह इसकी शिकायत संबंधित थाने और एसएसपी से करेंगे। धमकी के बाद विभाग पहुंचे प्रॉक्टर ने प्रो. आरएस पांडेय को उनके घर तक पहुंचाया। इस बारे में चुनाव अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गई परंतु उनका मोबाइल नहीं उठा।