अतरसुइया इलाके के मालवीय नगर मुहल्ले में ग्यारह महीने पहले कूरियर कंपनी के कर्मचारी की बाइक से बीस मोबाइल भरा डिब्बा गायब करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार दोपहर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से छह मोबाइल फोन बरामद हुए। चोरी के बाकी मोबाइल उसके साथी के पास है जो फरार है। पता चला कि चोरी में पकड़ा गया व्यक्ति भी मोबाइल फोन का दुकानदार है।
कूरियर कंपनी का कर्मचारी राहुल जायसवाल पिछले साल 25 जून को बाइक पर बैग में सामान भरकर ग्राहकों को पहुंचाने निकला था। वह मालवीय नगर में भारती भवन के पास बाइक रोककर एक घर में सामान देने गया। लौटा तो बाइक में बड़े बैग में रखा वह डिब्बा नदारद था जिसमें बीस महंगे मोबाइल फोन थे। उसने अतरसुइया थाने में चोरी का केस लिखाया था। घटना के ग्यारह महीने बाद मंगलवार को चोरी की उस घटना में अतरसुइया पुलिस ने अतरसुइया चौराहे पर एक अभियुक्त को हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उसके पास छह मोबाइल फोन बरामद हुए।
ह भारती भवन के पास रहने वाला कमल चौरसिया उर्फ सोनू है। उसने थानाध्यक्ष बृजेश यादव के सामने कुबूला कि पिछले साल कूरियर कंपनी के कर्मचारी की बाइक से बीस मोबाइल फोन चुराए थे। बाकी मोबाइल उसका साथी बरामद करा सकता है। पुलिस ने दबिश दी लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। पुलिस ने बताया कि कमल चौरसिया की मुट्ठीगंज में मोबाइल फोन की शॉप है। उसने चुराकर मोबाइल फोन अपनी दुकान में रखकर बेचे थे।