बांदा हाइवे पर टकटई गांव केनिकट दुर्घटना के बाद ग्रामीणों से पिट रहे युवक को बचाने की कोशिश करने पर चित्रकूट के बरगढ़ थानाध्यक्ष पर हमला बोल दिया गया। उनके कपड़े खींच लिए गए। थानेदार के गले पर चोट पहुंची। किसी तरह एसओ को बचाया जा सका।
बांदा हाईवे पर टकटई बार्डर के पास सोमवार सुबह स्कूल जा रही एक छात्रा को बाइक से टक्कर लग गई। वह गंभीर जख्मी हो गई। यह देख ग्रामीण जुटे और बाइक सवार युवक को घेरकर पीटने लगे। तभी शहर से ड्यूटी पर जा रहे चित्रकूट के थानाध्यक्ष बरगढ़ ने युवक को बचाने की कोशिश की तो भीड़ ने उन पर भी हमला बोल दिया। सादे कपड़ों में होने की वजह से गांव वाले नहीं जान सके कि वह थानाध्यक्ष हैं। उनके कपड़े खींचे गए।
हमले में थानेदार के गले पर चोट पहुंची। उन्होंने किसी तरह खुद का परिचय देकर बचाव किया। कुछ राहगीरों ने भी बचने में मदद की। खबर पाकर शंकरगढ़ थाने की पुलिस पहुंची और घटना की जानकारी ली। थानेदार पर हमला करने वाले एक व्यक्ति की तलाश की जा रही है।