बहरिया (ब्यूरो)। थाना क्षेत्र के धनपालपुर सिकंदरा बाजार में बम धमाके से लोगों में दहशत फैल गई। बम की चपेट में आने से पांच लोग जख्मी हो गए है। लोगों ने पीछा किया तो हमलावर हवाई फायर करते हुए बाइक से निकल गए। सूचना पाकर मौके पर सिकंदरा चौकी की पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल की। जानकारी के अनुसार सिकंदरा स्थित धनपालपुर बाजार में बुधवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे कुछ लोग बैठ का ताश खेल रहे थे। तभी एक बाइक से दो लोग आए और बम फेक दिया। बम फेंकने से जोरदार आवाज हुई जिससे आस पास के लोग घबड़ा गए।
ताश खेल रहे लोगों में राजू पुत्र कंठू, मुकेश पुत्र शोभनाथ, रोशन पुत्र रामगरीब, विजय पुत्र रामगरीब को बम के टुकड़े धंस गए। बम की आवाज सुन कर लोग दौड़े लेकिन तब तक हमलावर फायर करते गाजी मियां की मजार से होते बहरिया रोड से निकल गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने घायल राजू, मुकेश और संजय को इलाज के लिए सीएचसी मैलहा में भर्ती कराया। जहां से मुकेश को शहर के लिए रेफर कर दिया गया। रोशन और विजय को हल्की चोट होने से पट्टी मलहम करा दिया गया। मुकेश की तहरीर पर पुलिस ने कस्बा निवासी लाला भारतीय और दो अज्ञात लोगों ऊपर रिपोर्ट दर्ज की है।
बताया जाता है कि बम धमाका करने वाला राजरूपपुर निवासी धूमनगंज थाने का एक हिस्ट्रीशीटर है, जिसकी दूर की रिश्तेदारी धनपालपुर में है। उसका काफी दिनों से यहां आना जाना है। किसी बात को लेकर मुकेश, विजय से उसका विवाद हो गया था। लेकिन डर से उसके नाम से रिपोर्ट न करके पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही पशु व्यापारी लाला भारतीय को मामले में लपेट दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चौकी इंजार्च सिंकदरा दौलत राम यादव ने बताया कि मौके की फोटाग्राफी कराई गई है। बम फेंकने से जमीन में गड्ढा हो जाना चाहिए था। जबकि ऐसा नहीं है। मार पीट की तहरीर दी गई है। जिसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है।