मऊआइमा के हरिसेनगंज रतनसेनपुर मार्ग स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक सेवा केंद्र से शुक्रवार सुबह बदमाशों ने ढाई लाख रुपये लूट लिए। विरोध पर संचालक व उसके पुत्र को तमंचे की बट से हमलाकर जख्मी भी कर दिया। पुलिस का कहना है कि अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
दिलीप कुमार मौर्या पुत्र राम देव मौर्या मऊआइमा के रतनसेनपुर के रहने वाले हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा नहर ददौली से संबद्ध ग्राहक सेवा केंद्र वह हरिसेनगंज रतनसेनपुर मार्ग पर चलाते हैं। रोज की तरह शुक्रवार सुबह वह बेटे कृपाशंकर उर्फ गुड्डू के साथ केंद्र पर पहुंचे। 10.15 के करीब रतनसेनपुर गांव की ओर से सफेद रंग की अपाचे बाइक से तीन बदमाश आ धमके। तीनों असलहा लिए हुए थे। केंद्र के भीतर पहुंचकर एक बदमाश ने दिलीप की कनपटी पर तमंचा सटा दिया। अन्य दो बदमाशों ने ग्राहकों बलराम पटेल निवासी पिलखुआ, धर्मराज निवासी सिंधौली तथा तीन अन्य ग्राहकों को धमकाकर चुप करा दिया। बदमाश नगदी छीनने लगे और विरोध पर दिलीप व कृपाशंकर को हमला कर जख्मी कर दिया।
इसके बाद 2.4 लाख रुपये लूटकर हरिसेनगंज की तरफ भाग निकले। शोर पर पहुंचे गांव के लोगों ने घायलों को पीएचसी भेजवाया। सूचना पर सीओ सोरांव जितेंद्र गिरी पहुंचे और जांच पड़ताल की। उधर, बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा ददौली के मैनेजर आशुतोष श्रीवास्तव ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। बाद में दिलीप की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। सीओ ने बताया कि कुछ संदिग्धों को उठाया गया है। उनकी तलाश की जा रही है।
जिस ग्राहक सेवा केंद्र में लूट की वारदात हुई वहां सीसीटीवी कैमरा नहीं था। आसपास भी कहीं कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा मिला। रोजाना हजारों का लेनदेन होने के बावजूद ग्राहक सेवा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था न होना चौंकाने वाला भी रहा। बीओबी ददौली शाखा के मैनेजर आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि ग्राहक सेवा केंद्रों पर बैंक की ओर से सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था नहीं की जाती। संचालक चाहें तो खुद से कैमरे की व्यवस्था कर सकते हैं।
भुक्तभोगी संचालक ने बताया है कि वारदात को अंजाम देने वाले तीनों बदमाशों ने चेहरे पर नकाब बांध रखा था। पुलिस का मानना है कि हो सकता है कि बदमाश आसपास के ही रहने वाले हों। उन्हें पहचाने जाने का डर हो। यही वजह रही कि उन्होंने वारदात को अंजाम देते वक्त चेहरा बांध रखा था।