रेलवे भर्ती बोर्ड की ऑनलाइन परीक्षा का पेपर लीक होने का दावा करते हुए एसटीएफ इलाहाबाद ने शुक्रवार को अलग जगहों से नौ लोगों को हिरासत में लिया। उनसे देर रात तक पूछताछ की जा रही थी। एसटीएफ के अधिकारी यही बताते रहे कि पेपर लीक के मामले में कुछ लोग पकड़े गए हैं जिनसे और जानकारी ली जा रही है। उनका कहना था कि इस मामले में अभी दो से तीन लोगों की गिरफ्तारी की जा सकती है।
रेलवे भर्ती बोर्ड की तरफ से रेलवे के विभिन संवगों के 18252 पदों पर भर्ती के लिए कई जिलों में ऑनलाइन परीक्षा ली जा रही है। 28 मार्च से 30 अप्रैल तक चलने वाली ऑनलाइन परीक्षा को लेकर शुक्रवार को हलचल मची जब एसटीएफ इलाहाबाद यूनिट ने मुखबिर से सूचना पाकर दो परीक्षा केंद्रों पर छापा मारकर नौ लोगों को पकड़ लिया। इनमें एक परीक्षा केंद्र का संचालक भी है।
एसटीएफ के सूत्रों ने बताया कि ऑनलाइन परीक्षा के पेपर को आईटी से जुड़े लोगों की मदद से लीक किया गया है। इसमें दो खास साफ्टवेयर का इस्तेमाल किया गया। एसटीएफ इलाहाबाद के डिप्टी एसपी प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि आरआरबी की आनलाइन परीक्षा के पेपर लीक में पकड़े गए लोगों से पूछताछ चल रही है। कुछ और सुबूत जुटाकर दो-तीन लोगों को और पकड़ा जाना है। इसलिए अभी इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी जा सकती है।